- Hindi News
- National
- Delhi Jantar Mantar Police Controversy | Special CP Anil Chaudhary Interview
3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

दैनिक भास्कर के रिपोर्टर उदय भटनागर ने गुरुवार रात जंतर-मंतर पर दिल्ली के स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस अनिल चौधरी से बातचीत की। अनिल ने बताया कि सभी पुलिसकर्मियों को वर्दी के ऊपर नेम प्लेट लगाने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, जब उदय ने उनसे पूछा कि 20 जुलाई को कुछ लोग बिना वर्दी और नेम प्लेट के लोगों पर लाठीचार्ज क्यों कर रहे थे, तब अनिल ने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।
अनिल ने बताया कि हमारे वॉलंटियर्स ने प्रदर्शन कर रहे लोगों के हाथ-पैर जोड़कर उनसे शांति बनाए रखने की अपील की।
स्पेशल सीपी ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था, महिलाओं पर लाठीचार्ज और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बारे में क्या कहा? 6 सवाल-जवाब में पढ़ें…

पुलिस की लाठियों के बीच एक लड़की लड़खड़ाकर पेड़ के पास जाती है। एक पुलिसकर्मी लड़की की स्लीवलेस बांह को छूता है, बिना वजह पीछे डंडा मारता है और फिर साथी की तरफ देखकर मुस्कुराता है। ये मुस्कान लड़की छूने के पीछे की मंशा का सबूत है।
रिपोर्टर: 20 तारीख की सिचुएशन दोबारा न बने, उसके लिए फिर यहां पर क्या इंतजाम किए गए हैं?
अनिल चौधरी: इसमें जो बहुत तरह के समूह हैं और उन समूहों में कई लोग आपस में एक-दूसरे को नहीं जानते हैं। इससे कुछ कोऑर्डिनेशन में समस्याएं आ रही हैं, लेकिन आज वॉलंटियर्स ने एक-एक आदमी के हाथ जोड़कर, पैर छूकर, रिक्वेस्ट करके उनको सबको समझाया है कि अपने आंदोलन को उग्र नहीं होने देना है। उनकी बात का बहुत असर पड़ा है। पूरे दिन आप यहां पर रहे हैं, हम लोग भी रहे हैं, किसी भी तरह की कोई हिंसा की घटना नहीं हुई।

दिल्ली के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस संदीप लांबा पर खुद आरोप है कि उन्होंने महिला प्रदर्शनकारी के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया।
रिपोर्टर: पुलिस की तरफ से जो यहां पर वॉलंटियर्स हैं, उनसे बात करने की कोशिश की गई है ताकि जो कल स्टैंड-ऑफ (टकराव) की स्थिति बनी थी, वह अब न बने।
अनिल चौधरी: हां, बिल्कुल। लगातार हम लोग बातचीत कर रहे हैं। उनसे समझ रहे हैं और उनको समझा भी रहे हैं कि किसी भी तरह की हिंसा से सभी का नुकसान होता है। मैंने बार-बार उनसे यही कहा कि अगर आप अपने देश को प्यार करते हैं, तो आप कभी हिंसा नहीं करेंगे।
रिपोर्टर: प्रोटेस्टर्स की सबसे बड़ी शिकायत यह है कि कई पुलिसकर्मियों, अफसरों की वर्दी पर नेम टैग (नेम प्लेट) नहीं लगे हुए हैं। आज भी कई लोग वर्दी पर बिना नेम टैग के दिखाई दिए। यह नेम-टैग वाली शिकायत कैसे दूर होगी?
अनिल चौधरी: एकाध नेम टैग तो टूट भी जाता है, रास्ते में गिर जाता है। ऐसा कुछ नहीं है, सबको यही ब्रीफिंग दी गई है, सबको इंस्ट्रक्शन दिए गए हैं और बहुत ही स्ट्रिक्ट इंस्ट्रक्शन दिए गए हैं कि हर आदमी अपनी नेम-प्लेट वियर करेगा, प्रॉपर यूनिफॉर्म में होगा।

जंतर-मंतर प्रदर्शन में सिक्योरिटी संभालने आए कई सुरक्षाकर्मियों की वर्दी पर नेम प्लेट नहीं थी।
रिपोर्टर: 20 जुलाई को कई ऐसे पुलिस वाले थे, जो बिना वर्दी के थे?
अनिल चौधरी: इसके ऊपर कोई कमेंट नहीं कर सकते।
रिपोर्टर: 20 जुलाई के कुछ वीडियो वायरल हुए थे, उनमें कई पुलिसवाले महिलाओं को मारते दिख रहे हैं, कोई डंडा मार रहा है, उन पर क्या कार्रवाई हुई है?
अनिल चौधरी: पुलिस हेडक्वार्टर इसे बहुत ही गंभीरता से ले रहा है। जिन्होंने भी गलतियां की हैं, उन्हें आइडेंटिफाई किया जाएगा। उनके खिलाफ जो भी डिसिप्लिनरी एक्शन बनता है, वह लिया जाएगा।

चप्पल पहने बिना वर्दी में यह शख्स भी लगातार डंडे बरसाता दिखा था। उसने चेहरा छिपाने या बचाने के लिए वह हेलमेट पहना था, जो आमतौर पर पुलिस या सुरक्षा बल पहनते हैं।
रिपोर्टर: और यह मेक श्योर किया जाएगा कि बिना वर्दी के कोई भी लाठीचार्ज इस तरीके का न करे?
अनिल चौधरी: बिल्कुल। आप बिल्कुल निश्चिंत रहिए।
