![]()
बागपत के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गौरीपुर रोड के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने एक गोवंश को टक्कर मार दी। इस हादसे में गोवंश की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना व्यापार संघ बागपत के महामंत्री विक्की चौधरी ने भारतीय गौ रक्षा सेना के पदाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही भारतीय गौ रक्षा सेना के क्षेत्रीय संयोजक उत्तर प्रदेश साजिद मलिक, जिला अध्यक्ष शराफत सिद्दीकी, जिला मंत्री प्रवीण गुर्जर, महामंत्री सौरभ चौहान, आकाश कठा सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल गोवंश को बचाने के लिए तत्काल पशु चिकित्सक को बुलाया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही गोवंश ने दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीण और आसपास के युवा भी सहयोग के लिए पहुंचे। यूपी-112 पुलिस की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद भारतीय गौ रक्षा सेना, ग्रामीणों और पुलिस की मौजूदगी में गोवंश का हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया। भारतीय गौ रक्षा सेना के पदाधिकारियों ने प्रशासन से हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसों में आए दिन गोवंश और अन्य बेजुबान पशु अपनी जान गंवा रहे हैं। संगठन ने फरार वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन के समर्थन में नारे लगाए और लोगों से गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
Source link
हाईवे पर अज्ञात वाहन ने गोवंश को मारी टक्कर:बागपत में भारतीय गौ-रक्षा सेना पदाधिकारियों ने हिंदू रीति-रिवाज से किया अंतिम संस्कार