एल्डर्स कमेटी ने जारी किया बार चुनाव का कार्यक्रम:20 अगस्त को मतदान और 21 अगस्त को रिजल्ट की डेट तय


एल्डर्स कमेटी ने दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के चुनाव की तारीखें तय कर दी हैं। इसके मुताबिक 20 अगस्त को मतदान होगा और 21 अगस्त को मतगणना होगी। मुरादाबाद में दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी, मुरादाबाद की एल्डर्स कमेटी की बैठक गुरुवार को चेयरमैन रामा शंकर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पत्र 22 जुलाई 2026 के अनुपालन में बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026-27 का विस्तृत चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया। घोषित कार्यक्रम के अनुसार सदस्यता शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026, मतदाता सूची तैयार करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त, मतदाता सूची पर आपत्तियां 6 अगस्त, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अगस्त को होना है। नामांकन 11 एवं 12 अगस्त को होंगे, नामांकन पत्रों की जांच 13 अगस्त को और नाम वापसी 14 अगस्त दोपहर एक बजे तक होगी।
जारी कार्यक्रम के अनुसार अंतिम प्रत्याशी सूची का प्रकाशन 14 अगस्त को शाम 4 बजे किया जाएगा। मतदान 20 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 21 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से होगी। एल्डर्स कमेटी ने निर्णय लिया कि चुनाव कार्यक्रम की सूचना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव को प्रेषित करने के साथ-साथ नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि बार काउंसिल के निर्देशों के अनुपालन में एल्डर्स कमेटी कक्ष का ताला खोल दिया गया है, किन्तु एल्डर्स कमेटी के बैंक खाते के संचालन पर लगी रोक अभी भी प्रभावी है। इस अवसर पर एल्डर्स कमेटी के सदस्य विजय गुप्ता, सुभाष चन्द्र गर्ग, सुधीर गुप्ता तथा महेश चन्द्र त्यागी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के साथ ही बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *