कनाडा में एडमिशन के नाम पर दो करोड़ ठगे:स्टूडेंट वीजा का झांसा देकर ऐंठे रुपए, पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज


लखनऊ में कनाडा में एडमिशन और स्टूडेंट वीजा दिलाने का झांसा देकर एक महिला से करीब दो करोड़ रुपए की ठगी कर ली। आरोप है कि खुद को कनाडा के कॉलेज का अधिकृत एजेंट बताने वाले युवक ने तीन साल तक किस्तों में रुपये वसूले। न दाखिला मिला और न वीजा। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। कोर्ट के आदेश पर विभूतिखंड पुलिस ने आरोपी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चिनहट के गणेशपुर शिवपुरी निवासी अंजना मौर्या ने बताया कि जनवरी 2021 में वह बेटी को पढ़ाई के लिए कनाडा भेजने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात चंदन यादव से हुई। चंदन ने खुद को टोरंटो स्थित आईबीटी कॉलेज का अधिकृत एजेंट बताते हुए विजयंतखंड-1 स्थित अपने कार्यालय बुलाया। वहां मौजूद कर्मचारियों और दावों से भरोसा दिलाया गया कि वह कई छात्रों को विदेश भेज चुका है। तीन साल तक अलग-अलग किस्तों में वसूले रुपये पीड़िता के मुताबिक, जून 2021 में पंजीकरण के नाम पर 50 हजार रुपये जमा कराए गए। इसके बाद कॉलेज फीस, रहने-खाने और स्टूडेंट वीजा प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में लगातार रकम जमा कराई जाती रही। एकमुश्त रकम की व्यवस्था न होने पर आरोपी ने इंटरमीडिएट के बाद एडमिशन कराने का भरोसा दिया। अंजना का आरोप है कि उन्होंने जमीन बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर वर्ष 2023 तक करीब 1.25 करोड़ रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि लगभग 75 लाख रुपये नकद दिए। फर्जी लेटर देकर पासपोर्ट भी ले लिए आरोप है कि नवंबर 2023 में चंदन ने फर्जी प्री-इनरोलमेंट लेटर देकर बेटी का पासपोर्ट ले लिया और जल्द वीजा जारी होने का भरोसा दिया। मई 2024 तक न एडमिशन हुआ और न ही वीजा मिला। मजबूरी में बेटी का दाखिला बड़ौदा के एक कॉलेज में बीटेक में कराना पड़ा। परिवार के खातों में जमा कराए रुपये पीड़िता का कहना है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी कार्यालय और घर छोड़कर फरार हो गया। जांच में पता चला कि रकम चंदन के पिता, भाई और अन्य परिजनों के बैंक खातों में भी जमा कराई गई थी। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई और पासपोर्ट भी वापस नहीं किए गए। कोर्ट के आदेश पर विभूतिखंड पुलिस ने चंदन यादव, उसके पिता रामजी यादव, मां अंबारी यादव, बहन कंचन यादव और प्रतिभा के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *