![]()
समाजवादी पार्टी के अमरोहा सदर विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री महबूब अली को गुरुवार को उनके अमरोहा स्थित आवास पर पुलिस ने रोक दिया। वह रामपुर में जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान उनके आवास के बाहर सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। महबूब अली ने बताया कि वह सुबह 11 बजे अपने समर्थकों के साथ रामपुर के लिए रवाना होने वाले थे और दोपहर 12 बजे तक वहां पहुंचने का कार्यक्रम था। हालांकि, अमरोहा पुलिस ने उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दिया। विधायक महबूब अली ने पुलिस की इस कार्रवाई को सरकार की दमनकारी कार्रवाई बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उनके आवास के बाहर मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस कार्रवाई का विरोध जताया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस की ओर से इस मामले में तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार पर राजनीतिक विरोधियों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। सपा ने मांग की है कि जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त करने की प्रस्तावित कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। पार्टी ने प्रकरण के सभी तथ्यों की निष्पक्ष और पारदर्शी समीक्षा कराने तथा संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर देने की भी मांग की। सपा ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई, परीक्षाओं और विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कार्यों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। यदि कोई कानूनी या प्रशासनिक विवाद लंबित है, तो उसका समाधान न्यायालय और विधिक प्रक्रिया के अनुरूप किया जाए। पार्टी ने शिक्षा संस्थानों से जुड़े मामलों में ऐसा संतुलित दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया, जिससे कानून का पालन भी सुनिश्चित हो और विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों का हित भी सुरक्षित रहे।
Source link
सपा विधायक महबूब अली को पुलिस ने रोका:अमरोहा में घर के बाहर समर्थकों ने नारे लगाए, जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में जा रहे थे रामपुर