![]()
ललितपुर जिले के बानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम जमीन की पैमाइश के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को रात करीब 11 बजे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। घटना बानपुर कस्बे की है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब 4 बजे चकबंदी अधिकारी विवादित जमीन की पैमाइश के लिए मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ गया। पहला पक्ष बोला- मां को पीटा, बचाने पहुंचे तो हम पर भी हमला किया एक पक्ष के आनंद सिंह यादव (27) पुत्र सूरज सिंह ने बताया कि चकबंदी अधिकारी जमीन की नपाई कर रहे थे। तभी दूसरे पक्ष के गजा अपने परिवार और 12-13 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। आनंद का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी 49 वर्षीय मां मीना के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। जब वह, उनके पिता सूरज सिंह और भाई नरेंद्र सिंह बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे तीनों घायल हो गए। दूसरा पक्ष बोला- जमीन नहीं नापने दी, फिर हमारी मां पर हमला किया वहीं दूसरे पक्ष के अमर सिंह (22) पुत्र गोविंद सिंह का कहना है कि राजस्व अधिकारी जमीन की पैमाइश करने पहुंचे थे, लेकिन दूसरे पक्ष ने नपाई नहीं होने दी। अमर सिंह के अनुसार, इसके बाद उनकी मां गजरा पर हमला कर दिया गया। जब वह, उनके पिता गोविंद सिंह और भाई बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस पक्ष से अमर सिंह (22), उनकी मां गजरा (45) और पिता गोविंद सिंह (48) घायल हुए हैं। एक पक्ष की शिकायत मिली, दूसरे का इंतजार बानपुर थाना प्रभारी अरुण तिवारी ने बताया कि फिलहाल एक पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। दूसरा पक्ष अभी तक शिकायत दर्ज कराने नहीं पहुंचा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
जमीन पैमाइश के दौरान दो पक्षों में लाठी-डंडे चले:7 घायल; ललितपुर के बानपुर में चकबंदी अधिकारी की मौजूदगी में हुआ विवाद