![]()
सोनभद्र के कोटा गांव में बारिश और गरज-चमक से बचने के लिए पक्के मकान की आड़ लेना दो युवकों को भारी पड़ गया। चोपन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोटा अंतर्गत गुरमुरा स्थित घसिया बस्ती में बुधवार शाम तेज आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों और दो बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। पक्के मकान के बारजे के नीचे छिपे थे युवक जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम लगभग तीन बजे इलाके में मूसलाधार बारिश के साथ भीषण गर्जना हो रही थी। इससे बचने के लिए 35 वर्षीय नेपाल (पुत्र बसंत) और 37 वर्षीय राजेश (पुत्र हरिबंस) पास ही स्थित एक पक्के मकान के बारजे के नीचे जाकर खड़े हो गए। उसी दौरान कड़कड़ाती बिजली सीधे उसी बारजे पर आ गिरी। बिजली का झटका इतना तेज था कि बारजा टूटकर गिर गया और दोनों युवक उसकी चपेट में आकर अचेत हो गए। कच्चे मकान पर गिरी बिजली से बकरियों की मौत इस घटना के कुछ ही देर बाद, घटनास्थल से थोड़ी दूरी पर स्थित एक कच्चे मकान पर भी बिजली गिरी। इसकी चपेट में आने से गुड्डी (पत्नी बबलू) की बंधी हुई दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। बारिश थमने के बाद जब ग्रामीण बाहर निकले, तो उन्होंने नेपाल और राजेश को बेसुध पड़ा देखा। जब तक एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुँचती, दोनों दम तोड़ चुके थे। मुआवजे का आश्वासन मिलने पर तैयार हुए परिजन हल्का दरोगा विनोद यादव और चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता ने मौके पर पहुँचकर स्थिति संभाली। शुरुआत में मृतक परिवार पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे। हालांकि, थाना प्रभारी ने उन्हें समझाया कि आकाशीय बिजली से हुई मृत्यु पर शासन की ओर से आपदा राहत कोष के तहत सरकारी मुआवजा मिलता है, जिसके लिए पोस्टमार्टम अनिवार्य है। इसके बाद परिजन राजी हुए। घटना की जानकारी मिलते ही कोटा ग्राम प्रधान प्रहलाद चेरो, ओबरा तहसीलदार नरेंद्र राव और हल्का लेखपाल संदीप दत्ता ने मौके का निरीक्षण कर उच्च अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी है।
Source link
आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों, दो बकरियों की मौत:सोनभद्र में पक्के मकान के बारजे के नीचे छिपे थे युवक