सुशील सिंह | मऊ5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मऊ में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग द्वारा सघन मत्स्य पालन एरेशन सिस्टम स्थापना योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत दो हॉर्स पावर के चार पैडल वाले एरेशन सिस्टम की स्थापना पर सरकार 60% तक का अनुदान प्रदान कर रही है।
सहायक निदेशक मत्स्य मऊ, विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि पारंपरिक मत्स्य पालन में ऑक्सीजन की कमी के कारण अधिक मत्स्य बीज का संचय संभव नहीं हो पाता, जिससे उत्पादन सीमित रहता है। एरेशन सिस्टम पानी में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाकर उच्च घनत्व (हाई डेंसिटी) में मछली पालन को संभव बनाता है, जिससे उत्पादन कई गुना बढ़ जाता है।
इस योजना के तहत एरेशन सिस्टम की कुल लागत 50 हजार रुपये निर्धारित की गई है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लाभार्थियों को इस पर 60 प्रतिशत का अनुदान मिलेगा, जबकि अन्य सभी वर्गों के लिए 40 प्रतिशत तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक लाभार्थी मत्स्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट fisheries.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमीन की खतौनी और विभाग द्वारा निर्धारित शपथ-पत्र (एफिडेविट) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
विभाग के अनुसार, वर्तमान में इस योजना का प्रारंभिक लक्ष्य दो लाभार्थियों का है। हालांकि, आवश्यकता और प्राप्त आवेदनों के आधार पर इस लक्ष्य को बढ़ाया भी जा सकता है। योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 27 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जिसके लिए इच्छुक मत्स्य पालकों से समय रहते आवेदन करने की अपील की गई है।
