![]()
सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति समेत सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने बुधवार सुबह 7 बजे तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता शायरा, पत्नी कुरबान, निवासी मोहल्ला जाकिर हुसैन, चिलकाना ने पुलिस को बताया कि उसका निकाह 30 मई 2020 को कुरबान पुत्र महबूब के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद पति कुरबान, मेहरबान, शबनम, सलमान, असमा, अनवर और फरजाना ने अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये नकद और एक ऑल्टो कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। महिला का आरोप है कि 20 जुलाई 2026 की शाम करीब छह बजे पति कुरबान ने फिर से दहेज की मांग की। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर मेहरबान, शबनम, सलमान, असमा, अनवर और फरजाना भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि उसके गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। तहरीर के अनुसार, अन्य आरोपियों के उकसाने पर कुरबान ने एक साथ तीन बार तलाक बोलकर उसे तलाक दे दिया और बेटी परी सहित घर से धक्का देकर निकाल दिया। महिला का कहना है कि उसका दहेज का सामान और स्त्रीधन अभी भी आरोपियों के कब्जे में है, जिसे लौटाने से इनकार किया जा रहा है। चिलकाना थाना पुलिस ने कुरबान, मेहरबान, शबनम, सलमान, असमा, अनवर और फरजाना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट:सहारनपुर में दो लाख रुपए और ऑल्टो कार की मांग, पति समेत सात पर FIR