कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान बुलंदशहर में नजरबंद:राहुल-प्रियंका की गिरफ्तारी पर दिल्ली में किया था विरोध, रात 3 बजे लौटे तो पुलिस ने घेरा


कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान और उनके कई साथियों को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बाद बुलंदशहर लौटते ही नजरबंद कर दिया गया। ये नेता छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में दिल्ली गए थे। जियाउर्रहमान अपने साथियों के साथ मंगलवार शाम दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के सामने छात्रों के मुद्दे पर धरना दे रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की सूचना पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने मंदिर मार्ग थाना और मॉडल टाउन के छत्रसाल स्टेडियम के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मंगलवार देर रात करीब तीन बजे जैसे ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, नईम मंसूरी और युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुरेंद्र उपाध्याय बुलंदशहर पहुंचे, पहले से मौजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और नजरबंद कर दिया। जियाउर्रहमान के अलावा, शहर में राकेश भाटी, आशू कुरैशी, मनीष चतुर्वेदी, सचिन वशिष्ठ को भी नजरबंद किया गया। स्याना में साजिद चौधरी, डॉ. इरफान, हिमाचल गुर्जर; शिकारपुर विधानसभा में शिवकुमार शर्मा, दिनेश पंडित, नरेश बाल्मिकी, सगीर अहमद, अखिल पठान; खुर्जा विधानसभा में कृष्ण मोहन सिंह, धर्मेंद्र महावर; सिकंदराबाद विधानसभा में शकील अहमद, हाजी फाजिल, मुनेंद्र जाटव; अनूपशहर विधानसभा में प्रज्ञा गौड़, दिनेश शर्मा, नितिन शर्मा, अली मुराद नकवी; और डिबाई विधानसभा में तपन गौड़, विपुल कौशिक सहित कई अन्य नेताओं को भी पुलिस ने मंगलवार रात से ही हाउस अरेस्ट कर रखा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान ने इस कार्रवाई को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आने-जाने की स्वतंत्रता मौलिक अधिकार है, लेकिन पुलिस तानाशाही तरीके से देर रात कांग्रेस नेताओं के घर पहुंचकर उन्हें नजरबंद कर रही है। जियाउर्रहमान ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस कांग्रेस से डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बचाने के लिए आमजन की आवाज को कुचलने का काम किया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज और राहुल गांधी-प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी को मोदी सरकार की तानाशाही और कायरता की निशानी बताते हुए हर स्तर पर आवाज उठाने का संकल्प लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *