फिरोजाबाद में अखिलेश यादव की गिरफ्तारी का विरोध:सपा कार्यकर्ताओं ने रात 1 बजे तक दिया धरना


फिरोजाबाद में समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत सपा सांसदों की दिल्ली में हुई गिरफ्तारी के विरोध में था। देर शाम शुरू हुआ यह प्रदर्शन रात करीब एक बजे तक जारी रहा। धरने के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने इस कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताया। जसराना विधायक इंजीनियर सचिन यादव और शिकोहाबाद विधायक डॉ. मुकेश वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे जनप्रतिनिधियों के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है और लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। सपा नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।
सपा नेताओं ने कहा कि सरकार शिक्षा और युवाओं के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विपक्ष का दमन कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।धरना-प्रदर्शन को देखते हुए जिला मुख्यालय पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। देर रात तक चले प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे, हालांकि पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *