![]()
हापुड़ में छात्राओं को सशक्त बनाने के लिए ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण’ कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। समग्र शिक्षा माध्यमिक के तहत यह योजना जिले के 13 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में लागू होगी, जहाँ बालिकाओं को तीन माह का आत्मरक्षा प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट योग्यता रखने वाले प्रशिक्षित ट्रेनर्स से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पुठिया ने बताया कि इच्छुक प्रशिक्षक 3 अगस्त 2026 को शाम पांच बजे तक अपना आवेदन पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय, हापुड़ में जमा कर सकते हैं। आवेदन व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पत्र का प्रारूप कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। चयनित प्रशिक्षकों को प्रत्येक विद्यालय में प्रशिक्षण देने के लिए प्रति माह पांच हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा। तीन माह की प्रशिक्षण अवधि के लिए अधिकतम 15 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि प्रतिदिन 40 मिनट निर्धारित की गई है। प्रशिक्षकों के चयन के लिए मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट का प्रमाण-पत्र अनिवार्य है। चयनित प्रशिक्षकों को ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी कार्य करने के लिए तैयार रहना होगा। विभाग ने महिला प्रशिक्षकों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। महिला प्रशिक्षक उपलब्ध न होने की स्थिति में पुरुष प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। जिन विद्यालयों में महिला शिक्षिकाएं कार्यरत नहीं हैं, वहां विशेष रूप से महिला प्रशिक्षकों की तैनाती की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि के बाद किसी भी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने योग्य अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
Source link
हापुड़ में बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण:13 राजकीय विद्यालयों के लिए प्रशिक्षकों से मांगे आवेदन