![]()
कौशाम्बी के कनैली गोलीकांड मामले में सराय अकिल थाना प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह वर्मा और कनैली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ने यह कार्रवाई 19 जुलाई को कनैली चौराहे पर हुई गोलीबारी की घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में की है। घटना में हिस्ट्रीशीटर गुलशन त्रिपाठी, रोहित त्रिपाठी और उनके भाई अंकित त्रिपाठी का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों ने 19 जुलाई की रात करीब 10 बजे कनैली चौराहे पर फायरिंग कर कई लोगों को घायल कर दिया था। जांच में सामने आया कि इससे पहले 6 जुलाई को भी इन्हीं आरोपियों ने कनैली निवासी सौरभ सिंह के साथ मारपीट की थी। उस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद थाना स्तर पर आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस महानिरीक्षक ने माना कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निरोधात्मक कार्रवाई में गंभीर शिथिलता बरती गई, जिसके चलते आरोपियों ने दो सप्ताह के भीतर दोबारा गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया। इसी आधार पर दोनों पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई।
Source link
कनैली गोलीकांड: सराय अकिल इंस्पेक्टर, चौकी प्रभारी निलंबित:पुलिस महानिरीक्षक के आदेश पर हुई कार्रवाई, लापरवाही का आरोप