![]()
उन्नाव में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने नगर पालिका परिषद गंगाघाट क्षेत्र के शुक्लागंज स्थित प्रेम नगर मोहल्ले की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मोहल्ले की गलियों में घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के बाद मोहल्ले की अधिकांश गलियां पानी से लबालब हो गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के चलते रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। कई स्थानों पर गंदा पानी जमा होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। हर साल बरसात में बनती है यही स्थिति स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और नालियों की नियमित सफाई न किए जाने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ‘बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी’ स्थानीय निवासी मोनू सिंह ने बताया कि बरसात के मौसम में गलियों में पानी भरना आम बात हो गई है। इससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। उन्होंने कहा कि सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। क्षेत्रीय सभासद और नगर पालिका प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार यह कहकर मामला टाल दिया जाता है कि बरसात में काम कराना संभव नहीं है। खाली प्लॉट और गंदगी से बढ़ी समस्या मोहल्ले के निवासी लालचंद अग्रहरी ने बताया कि आसपास के खाली प्लॉटों में मिट्टी, कूड़ा और मलबा डाले जाने से पानी की निकासी बाधित हो गई है। उनका आरोप है कि सफाई कर्मचारी केवल सड़कों पर झाड़ू लगाकर औपचारिकता निभाते हैं, जबकि नालियों की नियमित सफाई नहीं होती। वार्ड नंबर-5 के सभासद से भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। हल्की बारिश में भी भर जाता है पानी एक अन्य निवासी राजा अग्रहरी ने कहा कि हल्की बारिश होते ही गलियों में जलभराव हो जाता है। उनके अनुसार, नालियों की निकासी व्यवस्था ठीक नहीं है और जगह-जगह कूड़ा जमा रहने से समस्या और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
Source link
उन्नाव में बारिश से जलभराव:बारिश से प्रेम नगर की गलियां बनीं तालाब, घुटनों तक पानी; लोगों बोले- हर साल यही हाल