![]()
कानपुर देहात के रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र में खेत से लौट रही मां-बेटी को गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर पीटा। बचाव में पहुंचे पति और उसके भाइयों पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना की वजह जमीनी विवाद बताया गया है, पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि पहले भी 3 बार शिकायत कर चुके है, लेकिन कुछ नहीं हुआ। घटना रविवार शाम रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र के इटैली गांव के मजरा रिवरी में हुई। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। आरोप है कि खेतों से काम कर घर लौट रही मां और बेटी पर गांव के कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बन गया। पीड़ित रामबाबू ने बताया कि उसकी पत्नी अनीता और बेटी पूनम रविवार शाम खेतों से घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में गांव के संदीप, अनिल, शिवमोहन और कमलेश ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर रामबाबू और उसके भाई रोहित, अरविंद तथा दुर्गेश मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे सभी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण एकत्र हो गए। पीड़ित पक्ष ने रसूलाबाद कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट की शिकायत दी गई है। रसूलाबाद कोतवाली प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया एक पक्ष से शिकायत मिली हैं। दूसरे पक्ष से शायद चौकी पर शिकायत दी गई उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के कारणों और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल कर रही है।
Source link
कानपुर देहात में जमीनी विवाद में चले लाठी-डंडे:घेरकर महिलाओं को भी पीटने का आरोप, दोनों पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई