गोंडा में जीजा पर रेप का केस:3 साल से शादी का झांसा देकर बना रहा था संबंध, गिरफ्तार


तीन साल पहले चचेरे जीजा से शुरू हुआ प्रेम संबंध शादी के वादे तक पहुंचा, लेकिन युवती का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी की बात दोबारा उठाई तो आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता थाने पहुंची, मुकदमा दर्ज हुआ और सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के एक वार्ड की रहने वाली 21 वर्षीय युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी हरिओम उर्फ छोटू उर्फ हरिकेश के बड़े भाई से हुई है। इसी वजह से उसका बहन के घर लगातार आना-जाना रहता था। इसी दौरान उसकी पहचान चचेरे जीजा हरिओम उर्फ छोटू से हुई। युवती का आरोप है कि दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बन गए। इसी दौरान आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और भविष्य में साथ जीवन बिताने का भरोसा दिलाया। युवती का कहना है कि इसी भरोसे पर उसने आरोपी पर विश्वास किया। पीड़िता के अनुसार, पिछले तीन वर्षों तक आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा। इसी भरोसे के आधार पर उसने कई बार युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि वह बार-बार शादी की बात करती रही, लेकिन आरोपी हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था। आरोप है कि 16 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे जब युवती ने एक बार फिर शादी करने का दबाव बनाया तो हरिओम उर्फ छोटू ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद युवती सीधे कटरा बाजार थाने पहुंची और पूरी घटना की तहरीर पुलिस को दी। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस हरकत में आई युवती की शिकायत के आधार पर कटरा बाजार पुलिस ने आरोपी हरिओम उर्फ छोटू उर्फ हरिकेश के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष बोले- दोनों के बीच प्रेम संबंध थे कटरा बाजार थाना प्रभारी मनोज पाठक ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *