![]()
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार दोपहर को उरई जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद सोनम वांगचुक के समर्थन में आयोजित किया गया था। कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम नमामि गंगे प्रेम चंद्र मौर्य के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट विनय चौरसिया ने किया। ज्ञापन में जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक के साथ हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। साथ ही केंद्र सरकार से युवाओं से जुड़े मुद्दों पर तत्काल प्रभावी कदम उठाने की अपील भी की गई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि देश का युवा आज बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक और भविष्य की अनिश्चितता जैसी गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे समय में युवाओं की आवाज उठाने वालों के साथ दमनात्मक कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। जिला अध्यक्ष एडवोकेट विनय चौरसिया ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। इसकी रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी उठाई तथा जंतर-मंतर पर हुए कथित लाठीचार्ज की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर युवाओं के हितों की रक्षा, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
आप ने सोनम वांगचुक के समर्थन में किया प्रदर्शन:जालौन में जुलूस निकालकर नारेबाजी की, पेपर लीक पर जताई चिंता