ललितपुर में न्यायिक अभिलेखों में हेरफेर, 8 पर FIR:हाईकोर्ट को गुमराह करने का आरोप, दो अधिवक्ता और दो कोर्ट मुहर्रिर हैं शामिल


ललितपुर में न्यायिक अभिलेखों से जुड़े कथित फर्जीवाड़े के मामले में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला न्यायालय के प्रशासनिक लिपिक जितेंद्र शर्मा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। इसमें दो अधिवक्ता, पांच न्यायालय कर्मचारी और एक अभियुक्त शामिल हैं। यह मामला तब सामने आया जब थाना तालबेहट के अपराध संख्या 06/2026 के अभियुक्त जितेंद्र सिंह निरंजन की ओर से अधिवक्ता अनुपम वर्मा ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में हेबियस कॉर्पस याचिका (संख्या- 553/2026) दाखिल की। याचिका के साथ रिमांड मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षर के बिना तैयार की गई कथित रिमांड शीट और अभिरक्षा वारंट की प्रतियां संलग्न थीं। मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने जांच रिपोर्ट तलब की। जांच में न्यायालय के रिकॉर्ड में हेरफेर, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और नियमों के विपरीत प्रमाणित प्रतिलिपि जारी करने की पुष्टि हुई। इसके बाद उच्च न्यायालय ने संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। प्राथमिकी के अनुसार, 3 मई 2026 को अवकाशकालीन रिमांड मजिस्ट्रेट ने अभियुक्त को 8 मई 2026 तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया था। आरोप है कि कोर्ट मुहर्रिर पंकज ने मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षर के बिना एक प्रोफार्मा अभिरक्षा वारंट तैयार किया, जिसमें रिमांड अवधि 16 मई 2026 दर्शाई गई। आरोप है कि अधिवक्ता अनुपम वर्मा ने इस दस्तावेज की मोबाइल से तस्वीर ले ली। इसके बाद उनके जूनियर अधिवक्ता अखिलेश राय ने प्रतिलिपि अनुभाग में आवेदन किया और बिना मूल अभिलेख मंगाए तथा निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना, उसी मोबाइल स्कैन कॉपी के आधार पर प्रमाणित नकल जारी करवा ली। आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में न्यायालय के कुछ कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। बाद में इसी दस्तावेज को इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रस्तुत किया गया। इस प्रकरण में उन्नाव जिले के अशोहा ग्राम भऊमऊ निवासी अधिवक्ता अनुपम वर्मा (पुत्र जगत नारायण वर्मा), जूनियर अधिवक्ता अखिलेश राय, जालौन जिले के सिरसाकलार ग्राम नगरी निवासी जितेंद्र सिंह निरंजन (पुत्र रतन सिंह), ललितपुर निवासी प्रधान प्रतिलिपिक मनोज जोशी, सहायक प्रतिलिपिक भूपेंद्र साहू, लिपिक अक्षय, कोर्ट मुहर्रिर पंकज और कोर्ट मुहर्रिर उमेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *