संभल में दामाद के घूंसे से सास की मौत:मौत से 3 घंटे पहले बेटी को ससुराल से बुलाकर लाई थी, सीने में चोट लगी


संभल में दामाद से मारपीट के दौरान सास की मौत हो गई। यह घटना शनिवार शाम 4 बजे नखासा थाना क्षेत्र के हिंदूपुरा खेड़ा में हुई। गंभीर रूप से घायल सास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां शाम 7 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। महिला की पहचान 42 साल की मसूदा पत्नी साकिब के रूप में हुई है। उनकी 22 साल की बेटी मेहरीन का निकाह 2 साल पहले सलमान पुत्र सागीर से हुआ था। दंपती का 8 महीने का एक बेटा भी है। दहेज की मांग को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस कारण मेहरीन 15 दिन पहले मायके आ गई थी। शनिवार दोपहर 2 बजे मसूदा अपनी बेटी मेहरीन को ससुराल से अपने घर ले आई थी। इसके दो घंटे बाद, शाम करीब 4 बजे, दामाद सलमान अपने भाई करीम और बहन के साथ मसूदा के घर पहुंचा। वहां पति-पत्नी के बीच फिर से कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इसी दौरान दामाद सलमान ने मसूदा के सीने में घूंसा मार दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गईं। मारपीट के बाद दामाद सलमान अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। परिजनों ने मसूदा को तुरंत संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि रात 8 बजे महिला की मौत की सूचना मिली। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और रात 9:30 बजे पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आरोपी दामाद सलमान पेशे से ट्रक ड्राइवर है। मृतका की बेटी मेहरीन ने बताया कि उनके पति और ससुराल वाले दहेज के लिए हमेशा लड़ते रहते हैं। पिछले 2 साल से लगातार दहेज की मांग की जा रही है। मेहरीन का कहना है कि उनके पिता के पास दहेज देने के लिए पैसे नहीं हैं। उनके परिवार में कोई भाई नहीं है और वे पाँच बहनें हैं। उनके पति और बहन निदा, तूबा, ज़ैद उन्हें मारने के लिए वहाँ पहुँच गए। माँ ने उन्हें बचाने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *