![]()
हाथरस के महिला थाने में दहेज उत्पीड़न, मारपीट और छेड़छाड़ का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट करने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी कस्बा हाथरस जंक्शन में हुई थी। विवाह के दौरान उसके पिता ने ससुराल पक्ष की मांग के अनुसार करीब 8 लाख रुपए खर्च किए थे। इसके बावजूद विदाई के बाद से ही ससुर, सास, जेठ, जेठानी, देवर और ननद उसे कम दहेज लाने के ताने देने लगे। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज के रूप में प्लॉट खरीदने के लिए 3 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि उसके पति ने कई बार परिवार के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी और प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। बेटी और फिर बेटे के जन्म के बाद भी नहीं रुका उत्पीड़न शिकायत के मुताबिक, विवाहिता ने पहले एक बेटी और बाद में करीब छह माह के एक बेटे को जन्म दिया। इसके बावजूद ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला। उल्टे बच्चों के जन्म के बाद मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न और बढ़ गया। पीड़िता का आरोप है कि उसे लगातार दहेज की मांग पूरी करने के लिए दबाव बनाया जाता रहा। जेठ और देवर पर अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप विवाहिता ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका जेठ उसे घर में अकेला देखकर छेड़छाड़ करता था और गलत नीयत से उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद देवर और जेठ दोनों उसे अकेला पाकर अभद्र व्यवहार करने लगे। पीड़िता के अनुसार, दोनों उसके साथ अश्लील हरकतें करते थे और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए कहते थे कि अब उसका पति नहीं रहा, इसलिए वे ही उसका सहारा बनेंगे। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ अशोभनीय हरकतें की गईं। पति की मौत के बाद बढ़ा दबाव, घर से निकालने का आरोप पीड़िता ने बताया कि उसके पति की 2 मार्च 2025 को मृत्यु हो गई थी। पति की मौत के बाद कुछ समय तक रिश्तेदारों के माध्यम से मामले को शांत करने की कोशिश की गई, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने दोबारा 3 लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। महिला का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसे और उसके दोनों बच्चों को केवल पहने हुए कपड़ों में ही एक गाड़ी में बैठाकर गांव के बाहर छोड़ दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू महिला की शिकायत के आधार पर हाथरस महिला थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पति की मौत के बाद विवाहिता को किया प्रताड़ित:3 लाख रुपए मांग के लिए घर से निकाला; महिला थाने में 6 ससुरालियों पर केस