![]()
प्रयागराज में एक वाटर प्लांट संचालक ने फूलपुर के भाजपा ब्लॉक प्रमुख विपेंद्र सिंह पटेल समेत 7 पर एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप है कि रंगदारी न देने पर उसे पहले अगवा कर फॉर्म हाउस में ले जाकर बंधक बनाया गया और फिर पिटाई की गई। आई फोन छीन लिया गया और धमकी दी गई। घटना 14 जुलाई की है जिसकी एफआईआर 16 जुलाई की रात 11 बजे दर्ज हुई।
10 हजार रुपये हर महीने की मांग
सरायइनायत के बनी गांव निवासी हिमांशू सिंह नेता चौराहा, अल्लापुर स्थित एक मकान में किराये पर रवि वाटर प्लांट के नाम से पानी सप्लाई का काम करता है। उसका आरोप है कि सीएमपी डिग्री कॉलेज के पीछे रहने वाले भाजपा ब्लॉक प्रमुख विपेंद्र सिंह पटेल कई बार उनसे जार्जटाउन क्षेत्र में कारोबार करने के एवज में हर महीने 10 हजार रुपये रंगदारी मांग चुके थे। रुपये देने से इनकार करने पर उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं।
पहले ऑफिस बुलाकर मोबाइल छीना, पासवर्ड भी लिया
हिमांशू का आरोप है कि 14 जुलाई की दोपहर करीब एक बजे विपेंद्र सिंह ने फोन कर बातचीत के बहाने अपने कार्यालय बुलाया। वहां पहुंचते ही कमरे का दरवाजा बंद कर दिया गया। आरोप है कि उनका आईफोन-13 छीन लिया गया, जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल का पासवर्ड भी ले लिया गया। बाद में दो घंटे में रुपये लेकर आने पर मोबाइल लौटाने की बात कही गई। कर्मचारी शिवम मोबाइल लेने पहुंचा तो उसे भी धमकाकर लौटा दिया गया।
शाम को वाटर प्लांट से किया अपहरण
पीड़ित के मुताबिक, उसी दिन शाम करीब 7:15 बजे वह अपने कर्मचारियों शिवम, शिवा और डीके के साथ वाटर प्लांट पर मौजूद था। तभी एक ब्लैक पल्सर और बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी से साहिल सिंह, शैलेश भारतीय और दो अन्य लोग पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पिस्टल दिखाकर जबरन स्कूटी पर बैठाया और कहा कि विपेंद्र सिंह फार्महाउस पर बुला रहे हैं, नहीं चले तो गोली मार देंगे।
फार्महाउस में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा
आरोप है कि लीलापुर रोड स्थित फार्महाउस ले जाकर हिमांशू को बंधक बनाया गया। वहां विपेंद्र सिंह, साहिल सिंह, शैलेश भारतीय और दो अन्य लोगों ने रंगदारी नहीं देने की बात कहते हुए पिस्टल की बट, लात, घूंसों और डंडों से बेरहमी से पीटा। हमलावर गोली मारने ही वाले थे, तभी बाहर किसी के दरवाजा खटखटाने पर आरोपी घबरा गए।
त्रिवेणीपुरम गेट के पास फेंककर फरार
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने अपने साथियों से उसे त्रिवेणीपुरम गेट के पास छोड़ आने को कहा। वहां से उसने एक राहगीर के मोबाइल से अपने पिता को फोन किया। परिजन उसे पहले टैगोर टाउन स्थित एक निजी क्लीनिक ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। एफआईआर के समय तक वह अस्पताल में भर्ती था।
कर्मचारियों ने किया पीछा, 112 पर भी दी गई सूचना
एफआईआर के मुताबिक, अपहरण के दौरान कर्मचारियों ने पीछा करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें गोली मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। कर्मचारी शिवम ने हिमांशू के पिता को सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने 112 पर कॉल किया। बाद में जार्जटाउन थाने जाने की सलाह दी गई।
इन लोगों को बनाया गया आरोपी
पुलिस ने भाजपा ब्लॉक प्रमुख विपेंद्र सिंह पटेल, साहिल सिंह, शैलेश भारतीय और दो अज्ञात समेत कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरे पक्ष ने भी लिखाई एफआईआर उधर पुलिस ने बताया कि दूसरे पक्ष ने भी हिमांशु पर एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें मारपीट, धमकी और ब्लैकमेलिंग समेत अन्य आरोप हैं। जार्जटाउन के प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
Source link
प्रयागराज में भाजपा ब्लॉक प्रमुख पर FIR:वाटर प्लांट संचालक बोला- रंगदारी न देने पर अगवा कर बंधक बनाया, पिटाई की