Fatehpur Bike Theft CCTV Footage

राम चंद्र सैनी | फतेहपुर3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में गैस सिलेंडर की डिलीवरी देने गए एक युवक की बाइक कुछ ही मिनटों में चोरी हो गई। वारदात जयपुरिया होटल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है।

हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बड़ा गांव निवासी शिवदान सिंह गैस सिलेंडर की आपूर्ति का काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह जीटी रोड स्थित जयपुरिया होटल के पास एक घर में सिलेंडर पहुंचाने गए थे। उन्होंने अपनी बाइक बाहर खड़ी कर उस पर दो खाली सिलेंडर रख दिए और डिलीवरी देने के लिए घर के अंदर चले गए।

कुछ ही मिनट बाद जब वह बाहर लौटे तो उनकी बाइक गायब थी। आसपास तलाश करने पर भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बाइक चोरी कर ले जाता हुआ दिखाई दिया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

पीड़ित शिवदान सिंह ने पुलिस से बाइक बरामद करने और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि बाइक चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *