![]()
हरदोई के शहर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह 6:15 बजे शहर कोतवाली में इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने पीड़ित मां की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ अपहरण और शादी का झांसा देने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 6 जुलाई की शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है। पिहानी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ किसी काम से हरदोई शहर आई थी। वे दोनों बिलग्राम चुंगी के पास पहुंचे थे। महिला के अनुसार, उसकी बेटी ने सामान और झोला देखने का बहाना बनाकर उसे पास की दुकान से पेप्सी लाने के लिए भेज दिया। जब मां कुछ दूरी पर स्थित दुकान से पेप्सी लेकर वापस लौटी, तो उसने देखा कि सामान और झोला तो वहीं सुरक्षित रखा था, लेकिन उसकी बेटी गायब थी। बेटी की काफी खोजबीन करने के बाद महिला को पता चला कि इस पूरी घटना के पीछे उसके कुछ रिश्तेदारों की सोची-समझी साजिश थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने में सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहा निवासी अंकित, सुशीला और शिवम शामिल हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अंकित (पुत्र रामकुमार), सुशीला (पत्नी अंकित) और शिवम (पुत्र लाखन) के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि तीनों आरोपियों पर अपहरण और शादी का झांसा देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
Source link
हरदोई में नाबालिग के अपहरण का मुकदमा:शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप, तीन नामजद