बिजली के टावर से बदल रहा रेलवे पुल का एलाइनमेंट:कई लोगों के घर दुकानें प्रभावित होंगे; सीआरओ मौके पर जाएंगे


दक्षिणांचल को रेल लाइन से आच्छादित करने वाली बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना सहजनवा-दोहरीघाट नई रेल लाइन के एलाइनमेंट में एक बार फिर परिवर्तन हो सकता है। यह परिवर्तन पूरी परियोजना में नहीं बल्कि बड़हलगंज में सरयू नदी पर बनने वाले रेलवे पुल को लेकर है। रेलवे पुल के एलाइनमेंट में परिवर्तन नदी में लगे बिजली के टावरों के कारण होगा। जगह बदलेगी तो कई लोग इससे प्रभावित होंगे। उनके घर, दुकानें इसकी जद में आ रहे हैं। ऐसे में इन लोगों ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग, बिजली निगम एवं रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक की। यह तय हुआ है कि मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) जल्द ही मौके पर जाएंगे। उनकी रिपोर्ट के बाद एलाइनमेंट परिवर्तन पर फैसला होगा। सहजनवा से दोहरीघाट रेल लाइन परियोजना के तहत सरयू नदी पर पुल बनाने के लिए पहले जहां सर्वे हुआ था, अब वहां पुल बनाने में दिक्कत आ रही है। पुल का एलाइनमेंट बदलेगा तो पुल के दोनों छोर पर कुछ दूरी तक रेलवे लाइन का एलाइनमेंट भी बदल जाएगा। पहले भी जहां पुल बनना था, उससे भी कुछ लोग प्रभावित हो रहे थे। एलाइनमेंट बदलने से नई जगह पर भी कुछ लोगों के मकान व दुकानें इससे प्रभावित हो रह हैं। इन्हीं लोगों ने जिलाधिकारी के यहां गुहार लगाई थी। अब जानिए क्यों करना पड़ रहा एलाइनमेंट में बदलाव
बैठक में यह बात सामने आयी है कि रेलवे लाइन के बगल में यदि कोई बिजली का पोल है तो उसकी ऊंचाई से 6 मीटर अधिक दूरी पर ही रेल लाइन बिछ सकती है। जिससे कभी पोल गिरने की स्थिति में वह ट्रैक न त पहुंचे। यानी यदि किसी पोल की ऊंचाई 10 मीटर है तो पोल के बेस (आधार) से 16 मीटर (10+6) दूर से ही रेलवे लाइन जाएगी। सरयू नदी में बिजली के जो टावर लगे हैं, उनकी ऊंचाई 198 मीटर है। ऐसे में उससे 204 मीटर दूर से ही रेलवे पुल गुजर सकता है। ऐसे में नए एलाइनमेंट के बीच जिसके घर व दुकानें आ रहे हैं, उन लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। जल्द ही मुख्य राजस्व अधिकारी मौके पर जाएंगे और वहां का निरीक्षण करेंगे। रेलवे पुल को लेकर अन्य विकल्पों की तलाश भी करेंगे। यह कोशिश की जाएगी कि कम से कम लोग उससे प्रभावित हों। नया एलाइनमेंट फाइनल होने के बाद ही अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। इस स्थान पर अभी तक कोई अधिग्रहण नहीं हुआ है। मौके का निरीक्षण होने के बाद स्थिति साफ होगी
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि कुछ लोग अपनी समस्या लेकर आए थे। जिसको लेकर बैठक की गई है। मौके पर अधिकारियों को भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। अब जानिए सहजनवा-दोहरीघाट नई रेल लाइन परियोजना के बारे में सहजनवा-दोहरीघाट नई रेल लाइन परियोजना के तहत 81.17 किमी लंबी रेल लाइन बिछाई जाएगी। इसपर कुल 12 स्टेशन बनाए जाएंगे। जिनमें बांसगांव के अलावा सहजनवां, पिपरौली, खजनी, उनवल, बैदौली बाबू, उरुवा बाजार, बनवारपार, गोला बाजार, भरौली, बड़हलगंज और दोहरीघाट शामिल हैं। नई रेल लाइन 112 गांवों से होकर गुजरेगी। जिसमें गोरखपुर के 109 और मऊ जनपद के तीन गांव शामिल हैं। इस रेल लाइन के लिए 359 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *