![]()
गाजियाबाद के घंटाघर सब्जी मंडी में गुरुवार को ठेला लगाकर फल बेचने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। यह कहासुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना थाना कोतवाली नगर क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग फल विक्रेता शकील पिछले लगभग 50 वर्षों से इसी मंडी में ठेले पर फल बेचते हैं। उनके बेटे समीर और आसिफ भी इस काम में उनका सहयोग करते हैं। आरोप है कि जब वे ठेला लगाने पहुंचे, तो कुछ व्यापारियों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प और मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में कई लोग एक-दूसरे को धक्का देते और हाथापाई करते दिख रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, करीब दो महीने पहले भी इसी स्थान को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मामले का समाधान कर फल विक्रेताओं को दोबारा ठेला लगाने की अनुमति मिलने की बात सामने आई थी, लेकिन इसके बावजूद यह विवाद फिर से उत्पन्न हो गया। वहीं, दूसरे पक्ष यानी व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर ठेला-पटरी लगने से अतिक्रमण होता है, जिससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। व्यापारियों की शिकायत पर नगर निगम ने पहले पुलिस की मौजूदगी में सड़क से अतिक्रमण हटवाया था। उनका आरोप है कि दोबारा उसी जगह ठेला लगाने की कोशिश की गई, जिसके कारण विवाद बढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
Source link
गाजियाबाद घंटाघर मंडी में ठेला लगाने पर विवाद-मारपीट:व्यापारियों और फल विक्रेताओं में झड़प