झांसी में 500 भक्तों ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ:दस किलोमीटर लंबी यात्रा में नाचते-गाते और जय जगन्नाथ के जयकारे लगाते चले श्रद्धालु


झांसी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में निकाली गई। रथयात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ के जयकारे गूंजते रहे। भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा सुसज्जित रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देते हुए निकले। रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह रथयात्रा शुक्रवार रात करीब आठ बजे गोलाकुआं क्षेत्र से शुरू हुई। इसके बाद शोभायात्रा गंदीगर का टपरा, सराफा बाजार, मानिक चौक, मालिनों का तिराहा, बड़ा बाजार, सुभाषगंज, रानी महल, सिंधी तिराहा और शहर कोतवाली की ढाल से होते हुए करीब दस किलोमीटर का सफर तय कर पुनः गोलाकुआं पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान महिला, पुरुष, युवा और बच्चे बारी-बारी से रथ की रस्सियां पकड़कर भगवान जगन्नाथ का रथ खींचते नजर आए। श्रद्धालुओं का मानना है कि भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इस्कॉन के सेवादारों ने किया संकीर्तन यात्रा में शामिल इस्कॉन मंदिर के सेवादारों ने अपने संकीर्तन और भक्ति गीतों से माहौल को और ज्यादा भक्तिमय बना दिया। सेवादार राधा-कृष्ण के नाम का जाप करते हुए नृत्य और कीर्तन कर रहे थे। मृदंग, झांझ और करताल की धुन पर श्रद्धालु भी झूमते हुए दिखाई दिए। बुजुर्ग भी भक्ति में लीन होकर झूमे रथयात्रा में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों का उत्साह भी देखने लायक था। कई बुजुर्ग श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर भजन गाते और नृत्य करते नजर आए। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत रथयात्रा का पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े होकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन किए और श्रद्धा भाव से पुष्प अर्पित किए। वहीं, भीषण गर्मी और उमस के बीच रथ खींच रहे श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर शरबत और ठंडे पानी के स्टॉल लगाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था संभालने में जुटा रहा प्रशासन रथयात्रा को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान सिटी मजिस्ट्रेट प्रमोद झा और एसपी सिटी प्रीति सिंह ने संभाली। यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था और अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *