![]()
मथुरा के मांट थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय बालक की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने कार्रवाई की है। कस्बा मांट स्थित एक निजी क्लीनिक को गुरुवार शाम करीब 6 बजे सील कर दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के अधीक्षक की तहरीर पर अपंजीकृत चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत जाबरा के मजरा नया नगला निवासी रामगोपाल अपने पांच वर्षीय पुत्र निखिल को बुधवार को बुखार आने पर इलाज के लिए मांट कस्बे में निरंजन कुमार विश्वास के क्लीनिक पर ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद बालक की हालत बिगड़ गई। घबराए परिजन निखिल को तत्काल दूसरे चिकित्सक के पास ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को सीएचसी मांट के अधीक्षक डॉ. जीतेश तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ संबंधित क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान क्लीनिक के संचालन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की गई। प्रारंभिक जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर क्लीनिक को सील कर दिया गया। इसके बाद डॉ. तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जीतेश तिवारी ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमर नाथ यादव ने बताया कि मृतक बालक के परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन सीएचसी अधीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
Source link
मथुरा में बालक की मौत के बाद क्लीनिक सील:झोलाझाप चिकित्सक पर मुकदमा दर्ज, स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू की