![]()
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश बार काउंसिल चुनाव-2026 की मतगणना कई महीनों से जारी है। गुरुवार को पुवायां, तिलहर, शामली, कैराना और श्रावस्ती बार एसोसिएशन के मतों की गिनती पूरी की गई। इन पांच जिलों से कुल 2,059 वैध मत जोड़े गए। इसके साथ ही प्रदेशभर में अब तक 1,68,206 मतों की गिनती संपन्न हो चुकी है। इस चुनाव में कुल 333 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रदेशभर के 2 लाख 49 हजार अधिवक्ता मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। मतों की गिनती बार एसोसिएशनवार चरणबद्ध तरीके से की जा रही है, जिसके कारण अंतिम परिणाम घोषित होने में अभी समय लगेगा। गुरुवार को हुई मतगणना के बाद, प्रदेश में बढ़त बनाए हुए प्रत्याशियों में अनुराग पांडेय (कानपुर नगर) 4,393 मतों के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद प्रशांत सिंह अटल (लखनऊ) 3,828 मत, शिव किशोर गौर (बुलंदशहर) 3,725 मत, देवेंद्र मिश्रा नागरहा (प्रयागराज) 3,547 मत और शिरीष कुमार मेहरोत्रा (बरेली) 3,422 मतों के साथ मजबूत स्थिति में हैं। पंचू राम मौर्य (प्रयागराज), इमरान मबूद खान (प्रयागराज), अजय यादव (प्रयागराज), जय नारायण पांडेय (लखनऊ), अमरेंद्र नाथ सिंह (प्रयागराज), प्रदीप कुमार सिंह ‘पी.के. सिंह’ (लखनऊ) और रोहिताश्व कुमार अग्रवाल (मेरठ) भी शीर्ष दावेदारों में शामिल हैं। मतगणना के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग बार एसोसिएशनों की मतपेटियां खोली जा रही हैं और उनके मतों को कुल परिणाम में जोड़ा जा रहा है। इसी कारण शीर्ष प्रत्याशियों की स्थिति में लगातार बदलाव देखा जा रहा है। प्रदेशभर के अधिवक्ताओं की नजर अब शेष बार एसोसिएशनों की मतगणना पर टिकी है। इसके बाद 25 सदस्यीय उत्तर प्रदेश बार काउंसिल का अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। नई परिषद प्रदेश के अधिवक्ताओं से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों और नीतिगत मामलों की जिम्मेदारी संभालेगी।
Source link
बार काउंसिल चुनाव: आज पांच और जिलों की मतगणना संपन्न:2,059 वैध मत जुड़े, अब तक 1.68 लाख वोटों की गिनती पूरी