गोरखपुर में पत्नी और सास को चाकू मारा, हालत गंभीर:सब्जी काटने वाला चाकू खरीदकर लाया पति, ससुराल जाकर किया ताबड़तोड़ वार


गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में पत्नी की विदाई को लेकर पंचायत में सहमति बनने के कुछ घंटे बाद एक युवक ने ससुराल पहुंचकर पत्नी और सास पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी सास भी जख्मी हो गईं। दोनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर हत्या की कोशिश समेत गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। गुलरिहा थाना क्षेत्र के लंगड़ी गांव निवासी ललिता की शादी करीब 13 वर्ष पहले चिलुआताल थाना क्षेत्र के मोहरीपुर निवासी विनोद से हुई थी। दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ललिता अक्सर मायके में रहती थी, जिसे लेकर पति नाराज रहता था। बुधवार दोपहर विनोद कुछ लोगों के साथ पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई, जिसमें रविवार को विदाई कराने पर सहमति बनी। फैसला होने के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए। खरीदकर लाया सब्जी काटने वाला चाकू आरोप है कि रात करीब आठ बजे विनोद ने एक ठेले से सब्जी काटने वाला चाकू खरीदा और दोबारा ससुराल पहुंच गया। उस समय बिजली आपूर्ति बाधित थी और ललिता अपनी मां पोतनी देवी के साथ घर की छत पर सो रही थी। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई। जिसके बाद विनोद ने चाकू से ललिता के पेट पर हमला कर दिया। बेटी को बचाने पहुंचीं पोतनी देवी भी चाकू लगने से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही गुलरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजवाया। डॉक्टरों के अनुसार, ललिता की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में घायल ललिता की भाभी शबनम की तहरीर पर हत्या की कोशिश समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी मनोज को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *