.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस से जुड़ी रही। कांग्रेस के बागी गुट की दिल्ली में हाईकमान से मीटिंग हुई। इसमें पूर्व सीएम एव सांसद चरणजीत चन्नी समेत 4 नेता शामिल पहुंचे। यह मीटिंग कांग्रेस में बगावत को लेकर हुई।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पुलिसकर्मी ने अर्धनग्न युवक को पीटा, अश्लील इशारे किए

चंडीगढ़ में युवक को पुलिसकर्मी ने पीट दिया। वीडियो में पीसीआर में तैनात हेड कॉन्स्टेबल युवक को लगातार 4 सेकेंड में 5 थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। पुलिस का कहना कि युवक सड़क किनारे बैठकर महिलाओं को अश्लील इशारे कर रहा था।
परिवार के साथ मार्केट में शॉपिंग करने आए एक व्यक्ति ने इसकी शिकायत थी। इसके बाद उसे पकड़ने के लिए पुलिस गई थी। युवक ने कमीज नहीं पहन रखी थी और सड़क किनारे बैठकर लोगों को परेशान कर रहा था। पुलिस ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह हाथापाई करने लगा था।
वीडियो सामने आने के बाद पीसीआर एडमिन इंस्पेक्टर जसविंदर कौर ने बताया कि सेक्टर-34 बूथ मार्केट से बुधवार को 112 नंबर पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि एक शख्स बिना कमीज के मार्केट में घूम रहा है। वह वहां से गुजर रही महिलाओं की ओर अश्लील इशारे कर रहा था और उन्हें गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा था। (पढ़ें पूरी खबर)
2. AAP-कांग्रेस के पार्षद भिड़े, थप्पड़ मारे

कादियां नगर कौंसिल प्रेसिडेंट पद के चुनाव में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवारों ने प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट का पद जीता। जबकि, स्थानीय कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने चुनाव प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए इसे रद्द कराने के लिए अदालत जाने की बात कही है।
बाजवा ने कहा कि आप नेतााओं ने कांग्रेस पार्षद की पिटाई की। पार्षद को मुक्के मारे। इस दौरान उनकी पगड़ी उतर गई। यह घटना नगर कौंसिल कार्यालय पहुंचने से पहले रास्ते में हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के बीच ही नगर कौंसिल के प्रेसिडेंट का चुनाव संपन्न हुआ। AAP के हलका इंचार्ज गुरइकबाल सिंह माहल ने दावा किया कि कुल 15 पार्षदों में से उनके उम्मीदवारों को प्रेसिडेंट और वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए 8 वोट मिले।
इसके साथ ही बलविंदर कौर को प्रेसिडेंट और गुरदिलबाग सिंह को वाइस प्रेसिडेंट चुना गया, जो दोनों AAP से संबंधित हैं। बटाला पुलिस के SP रमनदीप सिंह ने बताया कि जिन पार्षदों के खिलाफ मामले दर्ज थे, उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि झगड़ा कर रहे लोगों को पुलिस ने शांत कर दिया है और स्थिति नियंत्रण में है। पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। कदे आप दियां ते कदे बाप दियां। (पढ़ें पूरी खबर)
3. गर्लफ्रेंड ने घर बुलाकर बॉयफ्रेंड को जिंदा जलाया

अमृतसर में गर्लफ्रेंड ने चचेरे भाई से मिलकर बॉयफ्रेंड को जिंदा जला दिया। उसने शादी का पता चलने पर मिलने के बहाने घर बुलाया था, लेकिन कमरे में उसपर पेट्रोल डाल दिया। आग लगी तो गुस्साए बॉयफ्रेंड ने दोनों को भी अपनी तरफ खींच लिया। जिससे गर्लफ्रेंड और उसका भाई भी झुलस गया।
दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों को पुलिस ने कस्टडी में लेते हुए बाहर मुलाजिम तैनात कर दिए हैं। पुलिस को पता चला कि युवती के ब्रेकअप करने के बाद युवक उसे मनाने के लिए वहां आया था।
मजीठा थाने के SHO करमपाल सिंह ने कहा कि गांव बल खुर्द का संदीप सिंह को युवती ने बुलाकर परिवार के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। संदीप और युवती पहले एक साथ काम करते थे। युवक की शादी करीब दो महीने पहले हो गई थी। अस्पताल में भर्ती युवक और युवती ने अपना जुर्म कबूल किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. राहुल गांधी का चन्नी से मिलने से इनकार

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी खत्म कराने के लिए पार्टी हाईकमान अब सक्रिय हो गया है। इसी सिलसिले में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, विधायक परगट सिंह और विधायक राणा गुरजीत सिंह दिल्ली पहुंचे हैं। इनकी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मीटिंग चल रही है।
पंजाब कांग्रेस के बागी गुट की हाईकमान के साथ यह पहली मीटिंग है। इससे पहले चन्नी और रंधावा ने रणदीप सुरजेवाला से उनके निवास पर मुलाकात की। वहीं, दूसरी तरफ राहुल गांधी ने पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल को दिल्ली से छत्तीसगढ़ लौटा दिया और फिलहाल चन्नी गुट से दूरी बनाकर रखी है। राहुल गांधी चरणजीत सिंह चन्नी की प्रेशर टेक्टिस से बेहद खफा हैं।
इसलिए, उन्होंने चन्नी को अभी तक मिलने का वक्त नहीं दिया। राहुल ने यह भी क्लियर कर दिया है कि उनकी तरफ से की जा रही मांगों पर विचार के लिए हाईकमान बिल्कुल भी इच्छुक नहीं है। राहुल गांधी अब अगले एक-दो दिनों में पंजाब कांग्रेस पर अहम फैसला सुनाकर चन्नी गुटा को झटका दे सकते हैं। उधर, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजा वड़िंग ने ग्राउंड लेवल पर कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंगों का दौर शुरू कर दिया है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. ₹2 करोड़ के टेंट में PM की रैली, रूट डायवर्ट किए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को 5 महीने बाद फिर पंजाब आ रहे हैं। चंडीगढ़ में PM दोपहर करीब सवा 1 बजे आएंगे। फिर यहां 2 करोड़ रुपए के AC टेंट में रैली करेंगे। वे यहां 45 मिनट रुकेंगे। इसके बाद जालंधर में उनके 4 कार्यक्रम हैं। पंजाब के गवर्नर एवं चंडीगढ़ के प्रशासक ने पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया है। यहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था एवं पूरे पंडाल की जानकारी प्रशासन से ली है।
सरकारी एजेंडे में ये डेवलपमेंट प्रोजेक्टों का उद्घाटन है लेकिन यह सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं रहने वाला। इसकी वजह भी है। पहले फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां और अब जालंधर में जनसभा, साफ है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए दलित लैंड दोआबा को लॉन्च पैड बना रही है।
ऐसे समय जब कांग्रेस अंदरूनी खींचतान से जूझ रही है, आम आदमी पार्टी सरकार विपक्ष के निशाने पर है और भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव बिसात बिछाने में जुटी है, प्रधानमंत्री का यह दौरा कई राजनीतिक संकेत देता है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. CM के बयान के अगले दिन सुखबीर को नोटिस

बहबल कलां गोलीकांड मामले में पंजाब सरकार की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ी कार्रवाई की है। SIT ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को समन जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है। सुखबीर बादल से आगामी सोमवार 11 बजे पूछताछ की जाएगी। इससे पहले भाजपा नेता विजय सांपला से भी पूछताछ हो चुकी है।
एक दिन पहले ही सीएम भगवंत मान ने कहा था- मुझे लगता है कि सुखबीर बादल के सपनों में भी भगवंत मान आता होगा। दिन-रात एक ही बात पर लगा है, एक मेरी बारी दे दो, क्या यह पानी की बारी है ? सुखबीर सिंह, कान खोलकर सुन ले, अब तेरी और तेरे साले की राज करने की नहीं जेल जाने की बारी है।
उन्होंने कहा कि जो गुरू साहिब की बेअदबियां कराई हैं, उसमें से बच नहीं सकते। पहले अपनी सरकार थी, केस कमजोर कर लिया। फिर कैप्टन सरकार आई तो उनके साथ मिल गए। केसों पर कार्रवाई नहीं होने दी। अब कार्रवाई होगी। उधर, सुखबीर बादल ने कहा कि तनी मर्जी बार बुला लो, मैं हर बार आ जाऊंगा। 10 साल हो चुके हैं। यह झूठ का पुलिंदा है। 10 साल में चालान तक पेश नहीं हुआ है। ड्रामे कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
7. DSP ने JE को झूठे केस में फंसाया, FIR दर्ज

पंजाब पुलिस के DSP ने पावरकॉम के JE को नशा तस्करी के झूठे केस में फंसाने की कोशिश की। DSP के 3 साथियों ने उसकी कार में नशा रख दिया। फिर तलाशी के बहाने DSP को मौके पर बुला लिया। इसके बाद डीएसपी JE को CIA स्टाफ में ले गए। हालांकि जब पता चला कि ये JE है तो केस दर्ज करने की जगह उसे छोड़ दिया गया।
हालांकि जेई ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश करने का फैसला किया। अपने स्तर पर जांच कर जेई ने उन 3 लोगों के बारे में पता कर लिया और उनके खिलाफ FIR दर्ज करा दी।जब मामला कोर्ट में गया तो आरोपियों ने कहा कि DSP गुरसेवक सिंह भी इसमें शामिल है।
इसके बाद कोर्ट ने फाजिल्का के जलालाबाद में तैनात DSP गुरसेवक सिंह बराड़ पर भी केस दर्ज करने के आदेश दे दिए। JE व मंडी रोडांवाली के रहने वाले अमित कुमार ने 13 जुलाई को थाना अरनीवाला में शिकायत दर्ज कराई थी। जेई अमित कुमार को फंसाने के लिए पूरी साजिश रची गई थी। उनकी पूरी रेकी की गई। (पढ़ें पूरी खबर)
8. पूर्व सरपंच को कुत्तों ने मार डाला, सिर्फ हड्डियां बचीं

लुधियाना के जगराओं में आवारा कुत्तों ने पूर्व सरपंच को नोच-नोचकर मार डाला। रात में बाथरूम जाने के लिए कमरे से बाहर निकला था, यहीं पर कुत्तों ने उसे घेर लिया और जमीन पर गिराया लिया। इस दौरान वह चिल्लाता रहा, लेकिन मौके पर कोई व्यक्ति नहीं था।
कुत्तों ने उसके पूरे शरीर को नोंचा। इसमें एक बाजू और एक पैर को पूरी तरह खा लिया, सिर्फ हड्डी बचने दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आज (16 जुलाई) सुबह भतीजा चाय देने गया, वह उसे कमरे में नहीं मिला। उसकी लाश पास में खेत में पड़ हुई थी। मृतक की पहचान जगदीश सिंह (80) के नाम से हुई, जो पब्बयां गांव के रहने वाले थे।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व सरपंच जगदीश सिंह (80) लंबे समय से अपने खेत में बनी मोटर पर अकेले रह रहे थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। करीब 40 साल पहले वे गांव के सरपंच रहे थे। हालांकि कुत्तों के काटने से हुई मौत का गांव में यह पहला मामला नहीं है, इससे 15 दिन पहले भी एक युवक को कुत्तों ने नोच-नोचकर कर मार डाला था। (पढ़ें पूरी खबर)
9. 3 दिन बारिश के आसार, मानसून धीमा होने से उमस बढ़ी

पंजाब में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। बारिश थमने से गर्मी और उमस बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 8 जिलों में गर्म और उमस भरे मौसम का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 16 जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मोगा, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, बरनाला और मानसा में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इसके साथ ही तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान फरीदकोट में 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल के अनुसार 19 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से पंजाब में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. बाइक चुराकर भाग रहे थे, पेट्रोल खत्म, लोगों ने पीटे

चोरी की बाइक ने ही चोरों का साथ छोड़ दिया। लुधियाना में बाइक चुराकर भाग रहे तीन चोर तब फंस गए, जब रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। बाइक खींचते देख मालिक ने पहचान लिया। लोगों ने पीछा कर दो चोरों को पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उनकी पिटाई की। इसके ब पुलिस के हवाले कर दिया।
गांव जरखड़ निवासी स्वर्ण सिंह ने बताया कि उनकी राड़ा साहिब रोड पर दुकान है। बुधवार को दुकान के बाहर खड़ी उनकी स्प्लेंडर बाइक चोरी हो गई थी। उन्होंने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो चोरों की पहचान हुई।
पीछा करते हुए वे गिल नहर तक पहुंचे, जहां बाइक का पेट्रोल खत्म हो चुका था। आरोपी बाइक को खींचकर ले जा रहे थे। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दोनों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी भाग निकला। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)