बलरामपुर डीएम का अल्टीमेटम, 15 अगस्त तक काम पूरा करें:लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सड़कों पर उतरकर अफसरों को दिया एक्शन प्लान


बलरामपुर। जनपद मुख्यालय को स्वच्छ, आधुनिक और जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन सोमवार शाम 4 बजे स्वयं सड़कों पर उतरे। उन्होंने वीर विनय चौराहे से अंबेडकर चौराहा, जिला मेमोरियल चिकित्सालय, मेजर चौराहा और चौक क्षेत्र तक पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी और अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने शहर के प्रमुख चौराहों पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि 15 अगस्त से पहले सभी प्रमुख चौराहों का सौंदर्यीकरण हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहर की तस्वीर बदलने वाले इन महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान नालों और नालियों की सफाई तथा टैपिंग कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि टैपिंग के माध्यम से गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और तुलसीपुर पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। डीएम ने इन सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने सड़क किनारे अतिक्रमण देखकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने तत्काल अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया और स्पष्ट किया कि सड़कें जनता के लिए हैं, अवैध कब्जों के लिए नहीं। उन्होंने सार्वजनिक मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने पर जोर दिया ताकि यातायात बाधित न हो। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए डीएम ने क्षेत्राधिकारी नगर को वीर विनय चौराहे पर “नो वेंडिंग जोन” विकसित करने तथा वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए। उनका मानना था कि इन कदमों से जाम की समस्या कम होगी और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। पार्किंग की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को मल्टी लेवल पार्किंग की कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। पैदल निरीक्षण के दौरान डीएम ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के साथ उन्होंने प्रस्तावित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के निर्माण कार्य की समीक्षा की और सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, जल निकासी, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। हर परियोजना समयसीमा के भीतर पूरी होनी चाहिए ताकि जनता को उसका सीधा लाभ मिल सके। इस निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हेमंत गुप्ता, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अधिशासी अधिकारी, जल निगम (शहरी) के सहायक अभियंता वैभव पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *