संदिग्ध हालात में व्यक्ति का घर में मिला शव:सीतापुर में परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, शरीर पर चोट के निशान मिले


सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के फरिहा गांव में एक 45 वर्षीय व्यक्ति का शव मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर मिला। मृतक पिछले कई वर्षों से गांव की एक महिला के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के बहनोई ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महोली कोतवाली क्षेत्र के लौकी गांव निवासी रामहेत ने पिसावां थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनके बहनोई रामासरे पुत्र मंशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। गांव वालों से सूचना मिलने पर वह फरिहा गांव पहुंचे, जहां रामासरे का शव घर के बरामदे में पड़ा मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि शव के पैरों की एड़ी और शरीर पर घिसटने के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस जांच में सामने आया कि रामासरे मूल रूप से रामकोट थाना क्षेत्र के ककरहिया गांव का निवासी था। करीब दस वर्ष पहले उसकी पहली पत्नी दोनों बेटों के साथ पंजाब चली गई थी। इसके बाद वह पिछले लगभग नौ वर्षों से फरिहा गांव की विधवा विद्या देवी के साथ रह रहा था। विद्या देवी के पहले पति की मृत्यु हो चुकी है और उसके दो बेटे, दो बेटियां तथा कुछ कृषि भूमि भी है। रामासरे मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *