मृतक दीपक की लाश को साइकिल पर लेकर जा रहे दो शख्स। इनसेट में दीपक की फाइल फोटो
चंडीगढ़ में युवक को लाश को साइकिल पर ले जाने का CCTV फुटेज सामने आया है। जिसमें दो युवक तेज बारिश के बीच साइकिल पर लिटाकर ले जाते दिख रहे हैं, सड़क पर पानी भरा है, उसके पैर जमीन से टकराते हुए जा रहे हैं।
.
कुछ दूरी पर जाकर दोनों उसे गिराकर वहां से फरार हो जाते हैं। जिससे उसकी लाश सड़क पर पड़ी रही। पुलिस ने नशे की ओवरडोज से युवक की मौत की बात ही है। लेकिन परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर मौत नशे की ओवरडोज से हुई, तो पुलिस इसका कोई सबूत दे।
उन्होंने कहा कि शव तड़के करीब 4 बजे मिला था, लेकिन पुलिस ने हमें सुबह 10 बजे इसी सूचना दी। शरीर पर भी चोट के निशान मिले हैं। CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है।

युवक की लाश को बारिश के बीच सड़क पर फेंका।
5 मिनट में लौट रहा हूं..बोलकर गया था
मृतक की पहचान दीपक (31) के नाम से हुई, जो सेक्टर-52 का रहने वाला है। मृतक के पिता रमेश ने बताया कि 8 जुलाई की रात दीपक घर से यह कहकर निकला था कि वह पांच मिनट में लौट आएगा। लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया।
परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। जब कहीं पता नहीं चला तो अगले दिन 9 जुलाई को सेक्टर-52 पुलिस बीट बॉक्स में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई।
परिवार का आरोप है कि 10 जुलाई की सुबह पुलिस को एक डिस्पेंसरी के बाहर एक युवक का शव मिला था। उनका कहना है कि शव सुबह करीब चार बजे बरामद हो गया था, लेकिन इसकी सूचना उन्हें सुबह करीब 10 बजे दी गई। सूचना मिलने के बाद परिवार सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां शव की पहचान दीपक के रूप में हुई।
सीसीटीवी में लाश को ले जाते दिखे आराेपी
मृतक के भाई राहुल ने कहा कि 10 जुलाई दोपहर 12:32 बजे की सीसीटीवी फुटेज मिली है, जो एक संकरी गली की है। इसमें दिखाई देता है कि एक साइकिल की सीट पर दीपक की लाश को लेटाया गया हुआ है और उसका सिर आगे की ओर झुका हुआ है।
साइकिल के दोनों तरफ दो लोग उसे संभालते हुए ले जा रहे हैं। इनमें एक व्यक्ति ने पैंट-शर्ट पहन रखी है, जबकि दूसरे के लंबे बाल और पीछे चोटी दिखाई दे रही है, जिससे परिवार को आशंका है कि वह महिला हो सकती है। फुटेज में यह भी दिखाई देता है कि बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ है और दोनों लोग साइकिल को धीरे-धीरे आगे बढ़ाते हैं। फिर कुछ दूरी पर जाकर दोनों दीपक को गिराकर वहां से फरार हो जाते हैं।
पुलिस आरोपियों को बचा रही- राहुल
राहुल का आरोप है कि यही दोनों लोग उसके भाई की हत्या के जिम्मेदार हैं। उनका कहना है कि यह सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है, लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो दोनों की पहचान हो सकी है और न ही किसी को हिरासत में लिया गया है। राहुल ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है, जबकि फुटेज में कई अहम सुराग मौजूद हैं।
शरीर पर चोटों के निशान
मृतक दीपक के भाई राहुल ने कहा कि शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। इन चोटों से साफ प्रतीत होता है कि दीपक की हत्या की गई है। परिवार ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते उन्हें सूचना दी जाती तो शायद मामले के कुछ महत्वपूर्ण सबूत सुरक्षित किए जा सकते थे। उन्होंने पुलिस की ओर से सूचना देने में हुई कथित देरी पर भी सवाल उठाए हैं।

सेक्टर-36 थाना प्रभारी चिरजीलाल।
पुलिस ने जताई ओवरडोज की आशंका
सेक्टर-36 थाना प्रभारी चिरजीलाल ने बताया कि दीपक के शव का पोस्टमॉर्टम हो चुका है। शुरुआती जांच में मामला नशे की ओवरडोज का लग रहा है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे युवक और युवती की भूमिका की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों शव को वहां क्यों ले जा रहे थे और उनकी पूरे घटनाक्रम में क्या भूमिका रही।
************
ये खबर भी पढ़ें:
पंजाब में मां ने 3 बच्चों समेत कीटनाशक पिया: 6 साल की बेटी की मौत, पति घर आया तो पत्नी-बच्चे बेहोश पड़े मिले

कपूरथला में महिला ने तीन बच्चों के साथ कीटनाशक दवा पी ली। उसका पति जब घर पहुंचा, तो तीनों बच्चे जमीन पर बेहोश पड़े हुए थे, जबकि महिला उल्टियां कर रही थी और अर्ध-बेहोशी की हालत में थी। इसके बाद पति ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और पत्नी व तीनों बच्चों को लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचा, जहां इमरजेंसी वार्ड डॉक्टरों ने इलाज के दौरान 6 साल की बेटी को मृत घोषित कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)