![]()
घरों में इतना गंदा पानी आ रहा है कि हम ब्रश तक नहीं कर पा रहे। शरीर में दाने पड़ गए हैं। बच्चे के पेट में इंफेक्शन हो गया। डॉक्टर ने बताया कि यह गंदे पानी की वजह से हुआ है। नाले का पानी घरों में आ रहा है। यह तकलीफ वार्ड-81 कौशलपुरी के लोगों की है। इलाके में घरों तक दूषित पेयजल पहुंच रहा है, जिससे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं और लोगों को पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है। दूसरी ओर, हाल ही में बनी फुटपाथ जगह-जगह धंस रही है और कार तक फंस चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की नींद नहीं टूटी। दैनिक भास्कर की वार्ड परिक्रमा में लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ। बजबजाती नालियां, गड्ढों में तब्दील सड़कें, कूड़े के ढेर और पार्किंग के संकट ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शिकायतों के बाद भी हालात जस के तस हैं। फिलहाल वार्ड में कोई पार्षद नहीं है, क्योंकि पार्षद का हार्ट अटैक से निधन हो चुका है। दैनिक भास्कर वार्ड परिक्रमा अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में वार्ड-81 का जायजा लिया गया… नसीमाबाद में जलकल की लाइन से घरों तक गंदा पानी पहुंचता मिला। हिमांचल टॉकीज के पास धंसती फुटपाथ हादसे का खतरा बढ़ाती नजर आई। दर्शनपुरवा की सड़कें जगह-जगह गड्ढों में तब्दील मिलीं। सर्वधर्म चौक के किनारे कूड़ा फैला था। गुमटी बाजार में सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण पार्किंग की समस्या और जाम की स्थिति दिखाई दी। वहीं कई इलाकों में नालियां ओवरफ्लो होकर गंदा पानी सड़कों पर बहता मिला। पहले ये नजारा देखिए… धंस रहे फुटपाथ, हादसे का खतरा नसीमाबाद क्षेत्र में हाल ही में बने फुटपाथ कई जगह धंसने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। कुछ दिन पहले हिमांचल टाकीज के सामने फुटपाथ का हिस्सा धंस गया था, जिससे वहां से गुजर रहे एक कार सवार बाल-बाल बचे। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है। सर्वधर्म चौक के पास फैली गंदगी वार्ड के प्रमुख सर्वधर्म चौक के किनारे कूड़े का ढेर मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने से आसपास गंदगी और दुर्गंध बनी रहती है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी होती है। गुमटी बाजार में पार्किंग का संकट शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र गुमटी बाजार में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है। व्यापारियों और ग्राहकों का कहना है कि वाहन खड़ा करने की जगह न मिलने से रोजाना जाम की स्थिति बनती है और खरीदारी करने आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। लोग रोड में डिवाइडर के किनारे गाड़ी खड़ी कर रहे हैं। वार्ड की बड़ी समस्याएं दूषित पेयजल: नसीमाबाद में कई घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है। धंसती फुटपाथ: हाल ही में बनी फुटपाथ कई जगह बैठ गई है, जिससे हादसों का खतरा है। टूटी सड़कें: दर्शनपुरवा समेत कई इलाकों में सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। पार्किंग संकट: गुमटी बाजार में पार्किंग न होने से रोज जाम लगता है। गंदगी और नालियां: कूड़े के ढेर और ओवरफ्लो नालियां लोगों के लिए परेशानी बनी हुई हैं। सड़कों में गड्ढों से सफर मुश्किल दर्शनपुरवा और हिमांचल टाकीज वाली गली की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं। लोगों ने बताया कि वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। लोग बोले- गंदे पानी की वजह से नहाना-धोना मुश्किल हो रहा है एसबी सिंह ने बताया कि घरों में दूषित पेयजल आ रहा। बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। नहाने धोने की समस्या है। शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं मिला। हरभजन सिंह ने कहा कि नाले का पानी आ रहा है। हम लोग बाहर से पानी भरकर ला रहे है। रोहित गुप्ता ने बताया कि नसीमाबाद में पानी गंदा आ रहा है। कपड़े नहीं धो पा रहे है। पीने योग्य पानी के लिए परेशान होना पड़ा रहा है। फुटपाथ धंस रहे, लोगों ने अपने पैसे से ठीक कराया सतनाम सिंह ने बताया कि फुटपाथ आए दिन बैठ जा रहा है। हम लोग परेशान हो चुके हैं। लग रहा किसी हादसे का इंतजार किया जा रहा है। अशोक कुमार ने कहा कि फुटपाथ बहुत ज्यादा खराब है। हम लोगों ने गड्ढों को अपने पैसे से बनवाया है। पानी में भी बदबू आ रही है। बाजार में पार्किंग न होना भी बड़ी समस्या हरमीत सिंह ने बताया कि पार्किंग की बहुत समस्या है। लोग घरों के बाहर गाड़ी खड़ी कर जाते हैं। इस वजह से हम निवासियों को परेशानी होती है। अमर बहादुर सिंह ने कहा कि वार्ड में सफाई नहीं होती। नालियां भी बजबजा रही हैं। पार्किंग के भी हालत खराब है। समस्याओं से निदान दिलाया जाए। प्रेम कुमार बहल ने बताया कि गुमटी में पार्किंग बड़ी समस्या है। अच्छे ग्राहक आ नहीं पाते हैं। क्रासिंग की वजह से जाम भी लगता है। पार्किंग बननी चाहिए। गंदे पानी की आपूर्ति से बढ़ी परेशानी नसीमाबाद के कई घरों में लंबे समय से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। दूषित पानी के कारण लोगों को पीने के लिए अलग से पानी खरीदना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों ने बताया कि पानी ऐसा है कि कुल्ला भी नहीं कर सकते हैं। कुछ लोगों ने बच्चों के पेट में इंफेक्शन होने की बात भी बताई। बजबजाती नालियां बनीं मुसीबत वार्ड के कई इलाकों में नालियां ओवरफ्लो होती मिलीं। गंदा पानी सड़कों पर बहने से दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नियमित सफाई और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की है। —————— ये खबर भी पढ़िए… MLA बोले-सफाई नहीं होती, पूर्व विधायक ने कहा-अंधेर नगरी है:वार्ड-73 में दो विधायकों के आवास, फिर भी रास्ते जलमग्न, नाले जाम कानपुर कैंट से सटे दो विधायकों वाले वार्ड-73 जाजमऊ दक्षिणी में भी खराब सड़कें और गंदगी है। एक विधायक के आवास के सामने कूड़ा डंप हो रहा है तो दूसरे के घर के बाहर सड़क उखड़ी पड़ी है। आम लोगों के घरों के आसपास हालात और बदतर नजर आते हैं। नालियां जाम हैं। रास्तों पर जलभराव है। घरों में बदबूदार पेयजल पहुंच रहा है। घरों के बाहर कूड़े के ढेर लगे हैं। पार्क बदहाल हैं। सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं। सफाई व्यवस्था को लेकर कैंट विधायक हसन रूमी ने पार्षद को कठघरे में खड़ा किया तो वहीं सीसामऊ के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने व्यवस्था को अंधेर नगरी करार दिया है। पढ़ें पूरी खबर… —————— ये खबर भी पढ़िए… कानपुर के VIP वार्ड-42 से विकास लापता, बदहाली हर तरफ:सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे, कूड़ा-कचरा; आनंदेश्वर मंदिर जाने में श्रद्धालुओं को होती दिक्कत कानपुर की मेयर प्रमिला पांडेय का निवास जिस वार्ड में है वहां भी विकास के दावे जमीन पर नहीं मिले। वार्ड-42 परमट 40 वर्षों से जलभराव की बीमारी झेल रहा है। लोगों ने बताया कि बारिश में सड़कें तालाब हो जाती हैं। पानी घरों और दुकानों में घुसता है। श्रद्धालुओं को गंदे पानी से होकर मंदिर तक पहुंचना पड़ता है। पढ़ें पूरी खबर…
Source link
पानी ऐसा कि पियो तो बीमारी, नहाओ तो दाने पड़ते…:वार्ड-81 में सप्लाई हो रहा गंदा पानी, फुटपाथ धंसे और सड़कें उखड़ीं