![]()
देवरिया जिले के भाटपाररानी थाना क्षेत्र के भिंडा मिश्र गांव में सोमवार रात 8 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। घर के सामने बंधे बछड़े को खोल रही 18 वर्षीय युवती पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इस घटना में युवती और बछड़े दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और सड़क जाम कर दी। मृतका की पहचान भिंडा मिश्र गांव निवासी भूपेश गुप्ता की पुत्री काजल गुप्ता (18) के रूप में हुई है। बताया गया कि सोमवार रात करीब आठ बजे काजल अपने घर के बाहर बंधे बछड़े को खोल रही थी। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार अचानक टूटकर उस पर गिर गया। तेज करंट की चपेट में आने से काजल गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि बछड़े की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद बिजली विभाग को सूचना दी गई और विद्युत आपूर्ति बंद करने की मांग की गई, लेकिन काफी देर तक बिजली नहीं काटी गई। इसके बावजूद, ग्रामीणों और परिजनों ने साहस दिखाते हुए युवती को करंट की चपेट से बाहर निकाला। उसे बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। इसके बाद ग्रामीणों ने अस्पताल के सामने बेलपार-बीआरडी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई तथा नियमानुसार मुआवजे का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इस मामले में बिजली विभाग की भूमिका की जांच की मांग भी उठ रही है।
Source link
11 हजार वोल्ट का तार गिरा, युवती-बछड़े की मौत:देवरिया में ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया हंगामा, पुलिस ने मुआवजे का आश्वासन देकर शांत कराया