कानपुर के नेयवली पॉवर प्लांट में युवक की संदिग्ध मौत:कमरे में मिला शव, जहर की आशंका; पुलिस जांच में जुटी


घाटमपुर क्षेत्र के सजेती थाना अंतर्गत स्थित नेयवली पॉवर प्लांट में नौकरी ज्वाइन करने आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव प्लांट परिसर स्थित क्वार्टर में मिला, जहां वह पिछले तीन दिनों से ठहरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पॉवर प्लांट परिसर और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान बिहार राज्य के भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी धनंजय कुमार (41) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धनंजय कुमार की हाल ही में नेयवली पॉवर प्लांट में नौकरी लगी थी और वह करीब तीन दिन पहले ही यहां अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने आया था। नौकरी शुरू करने के बाद वह प्लांट की टाउनशिप में बने एक क्वार्टर में रह रहा था। सोमवार को जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला और आसपास के लोगों को उसकी कोई गतिविधि दिखाई नहीं दी, तब सहकर्मियों और कर्मचारियों को संदेह हुआ। इसके बाद कमरे की जांच की गई तो धनंजय कुमार का शव अंदर पड़ा मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक को मौत से पहले उल्टियां हुई थीं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *