जहीर अहमद | बिजनौर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बिजनौर में आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया।

उन्होंने कोतवाली देहात से नहटौर, धामपुर और अफजलगढ़ तक के मार्गों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी धामपुर स्मृति मिश्रा, पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) और संबंधित थाना अध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर सड़क की स्थिति, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड नजीबाबाद को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर मौजूद गड्ढों और क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल ठीक कर मार्ग को सुगम और सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।

पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे जनपद में चाक-चौबंद सुरक्षा और प्रभावी शांति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निरंतर निगरानी रखने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
