![]()
बाराबंकी जिले में शुक्रवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखा। कुर्सी, रामनगर, रामसनेहीघाट और सिरौली गौसपुर जैसे इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही, भिटरिया, महाराजगंज, बनीकोडर ब्लॉक के टड़िया और महुलारा समेत कई गांवों में ओलावृष्टि हुई। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मुस्ताक पुत्र मोहम्मद इस्तियाक (45) घायल हो गए। उन्हें झुलसी हुई अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव से विशेष रूप से सरसों की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। कई किसानों की फसल कटाई के लिए तैयार खड़ी थी, जबकि कुछ किसानों ने कटी हुई फसल खेतों में ही रखी हुई थी। क्षेत्र के किसानों कपिल, राजन, राजितराम और पंकज ने बताया कि बारिश और ओलावृष्टि से उनकी तैयार फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि यदि मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा, तो उनकी पूरी मेहनत बर्बाद हो सकती है। पहले से ही फसल का उचित मूल्य न मिलने से जूझ रहे किसानों को अब इस प्राकृतिक आपदा के कारण और अधिक आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है। किसान अब प्रशासन से नुकसान के आकलन और उचित मुआवजे की उम्मीद कर रहे हैं।
Source link
बाराबंकी में बारिश-ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली से एक घायल:सरसों की फसल को भारी नुकसान की आशंका, किसान चिंतित