![]()
सम्भल में हिंदू जागृति मंच ने पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पहल की है। सोमवार शाम करीब 5 बजे नगर के सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिसर में 350 पौधे लगाए गए। मंच ने इन पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और उनके वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी ली है। विद्यालय के प्रबंधक अशोक कुमार गर्ग के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें पीपल, बेल, जामुन, नींबू, सहजन जैसी छायादार, फलदार और औषधीय प्रजातियों के 350 पौधे रोपे गए। इस अभियान में हिंदू जागृति मंच के पदाधिकारियों, महिला मंच, विद्यालय परिवार और समाजसेवियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
हिंदू जागृति मंच की नगर अध्यक्ष सुमन लता शर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण से अधिक महत्वपूर्ण पौधों को जीवित रखना है। उन्होंने बताया कि मंच समय-समय पर पौधों की सिंचाई, खाद, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करेगा, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे सकें। हिंदू जागृति महिला मंच की जिलाध्यक्ष मीनू रस्तोगी ने वृक्षों को पृथ्वी का जीवनदाता बताया। उन्होंने कहा कि वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने हेतु वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रबंधक अशोक कुमार गर्ग ने इस अवसर पर कहा कि ‘एक वृक्ष अपनी मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए ये पौधे समाज और विद्यालय के बीच आत्मीय संबंध का प्रतीक बनेंगे। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया। इस पौधारोपण कार्यक्रम में डॉ. सुभाष पाल, किरण गर्ग, अमित गुप्ता शालू, अवधेश गर्ग, अरविंद शंकर शुक्ला, दुर्वेश सैनी, अजय कुमार शर्मा, सुभाष चंद्र शर्मा और श्रेय अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा एवं शिक्षकों के साथ मिलकर पौधे लगाए। कार्यक्रम का संचालन हिंदू जागृति महिला मंच की नगर महामंत्री रेखा शर्मा ने किया।
Source link
हिंदू जागृति मंच ने लगाए 350 पौधे:संरक्षण की जिम्मेदारी भी ली, सरस्वती विद्या मंदिर में वृक्षारोपण किया