![]()
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित सहकारी खाद सोसायटी रविवार को बंद मिलने पर किसानों और समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। खाद लेने पहुंचे किसानों को सोसायटी बंद मिली, जिसके बाद सपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और लगभग एक घंटे तक धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में किसान खाद के लिए भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खाद की भारी किल्लत है और कालाबाजारी की भी आशंका है। यादव ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को जल्द खाद उपलब्ध नहीं कराई गई, तो समाजवादी पार्टी किसानों के हित में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। किसान भगवान दास यादव ने बताया कि वह और कई अन्य किसान पिछले कई दिनों से प्रतिदिन सुबह खाद लेने के लिए केंद्र पर आ रहे हैं। हालांकि, मशीन खराब होने के कारण खाद का वितरण नहीं हो पा रहा है। उनका कहना है कि केंद्र पर खाद उपलब्ध होने के बावजूद तकनीकी खराबी के कारण किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार, केंद्र के कर्मचारियों ने उन्हें बताया है कि मशीन को ठीक कराने के लिए भेजा गया है और उसके चालू होते ही खाद वितरण शुरू कर दिया जाएगा। लेकिन कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है, जिससे किसानों को रोजाना चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और उनकी खेती के कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। सपा नेताओं ने जिला प्रशासन से तत्काल खाद वितरण व्यवस्था को सुचारु करने और किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि किसान घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद खाद नहीं पा पा रहे हैं, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान बचोले पटेल, गोपाल गुप्ता, सुरेश अग्रहरी, सरोज पटेल, सुभाष भारती, छोटन भारती, जुनैद अंसारी, मनीष केडिया, शौर्य त्रिपाठी, संदीप कुमार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
सोनभद्र में खाद सोसायटी बंद, सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:किसानों को खाद नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी