बांके बिहारी के दर्शन कर नगर आयुक्त ने संभाला पदभार:मथुरा में बोले- ब्रजवासियों, श्रद्धालुओं को नहीं होगी परेशानी


मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नवागत आयुक्त ओजस्वी राज (आईएएस, 2020 बैच) ने रविवार शाम लगभग 8 बजे भूतेश्वर स्थित नगर निगम कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद नगर आयुक्त ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परिचय बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सी.पी. पाठक, सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी, अनुज कौशिक, जलकल महाप्रबंधक अनवर ख्वाजा और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामगोपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। अनौपचारिक बातचीत में ओजस्वी राज ने बताया कि मथुरा-वृंदावन मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक महत्वपूर्ण धार्मिक और वीवीआईपी शहर है। यहां प्रतिदिन देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम का दायित्व है कि शहर स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित रहे, ताकि श्रद्धालु ब्रज की सकारात्मक छवि लेकर वापस लौटें। उन्होंने अपनी पहली प्राथमिकता शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार और ब्रजवासियों को पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना बताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि ब्रजवासियों और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उल्लेखनीय है कि ओजस्वी राज इससे पूर्व बलिया में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) के पद पर कार्यरत थे और अपनी प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। उनके पदभार संभालने के बाद नगर निगम की व्यवस्थाओं में तेजी और सुधार की उम्मीद की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *