![]()
लखनऊ और कानपुर के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए आज बड़ा दिन है। करीब 3,600 करोड़ रुपये की लागत से तैयार लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का सोमवार को रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह लोकार्पण करेंगे। उद्घाटन के साथ ही यह हाईस्पीड एक्सप्रेसवे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने परियोजना से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 120 किमी प्रति घंटे की होगी अधिकतम गति एक्सप्रेसवे पर वाहन अधिकतम 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। इससे लखनऊ और कानपुर के बीच की यात्रा महज 30 से 35 मिनट में पूरी हो सकेगी। इस मार्ग का लाभ केवल लखनऊ और कानपुर ही नहीं, बल्कि सीतापुर, हरदोई, अयोध्या और सुलतानपुर जैसे जिलों के यात्रियों को भी मिलेगा। सुरक्षा के लिए हाईटेक निगरानी व्यवस्था एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। पूरे मार्ग पर 63 सीसीटीवी कैमरे और 16 वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम लगाए गए हैं, जो किसी भी दुर्घटना की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम तक पहुंचाएंगे। इसके बाद रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा। दावा है कि किसी भी आपात स्थिति में 15 मिनट के भीतर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पूरे एक्सप्रेसवे की निगरानी एक केंद्रीय कंट्रोल सेंटर से की जाएगी। चार बड़े पुल समेत कई आधुनिक संरचनाएं एक्सप्रेसवे पर चार बड़े पुल, 25 छोटे पुल, चार फ्लाईओवर, 11 पैदल अंडरपास और हल्के वाहनों के लिए 13 अंडरपास बनाए गए हैं। इन संरचनाओं का उद्देश्य यातायात को निर्बाध बनाए रखने के साथ सड़क सुरक्षा को भी मजबूत करना है। जानिए कितनी होगी टोल दरें एक्सप्रेसवे पर यात्रा के लिए निर्धारित टोल शुल्क इस प्रकार होगा— • कार, जीप और वैन: ₹275 (एक तरफ), ₹415 (24 घंटे के भीतर वापसी) • हल्के व्यावसायिक वाहन: ₹445 (एक तरफ), ₹670 (24 घंटे के भीतर वापसी) • बस और ट्रक: ₹935 (एक तरफ), ₹1,405 (24 घंटे के भीतर वापसी) एनएचएआई के अनुसार, तेज, सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक्सप्रेसवे पर अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। उद्घाटन के बाद यह मार्ग प्रदेश के प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक शहरों के बीच संपर्क को और मजबूत करेगा।
Source link
राजनाथ सिंह आज करेंगे लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण:120 किमी रफ्तार, 40 मिनट में पूरा होगा लखनऊ-कानपुर सफर