मेरठ में छात्रा से छेड़छाड़ के विरोध पर घर हमला:दबंगों ने घर में घुसकर परिवार पर बरसाए डंडे, पांच घायल


मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में एक छात्रा से कथित छेड़छाड़ की शिकायत करने पर उसके परिवार पर हमला किया गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज युवकों ने अपने साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर में घुसकर मारपीट की। इस हमले में परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार के अनुसार, छात्रा श्यामनगर स्थित स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में मोहल्ले के दो युवकों ने उसे रोक लिया और कथित तौर पर हाथ पकड़कर अभद्रता की। छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शाम के समय दोनों युवक अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ पीड़ित परिवार के घर में घुस आए। उन्होंने लाठी-डंडों से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान छात्रा, उसके भाई और अन्य परिजनों के साथ मारपीट की गई। छात्रा के भाई के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तौहिद, रागिब और उनके अन्य साथियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी नामजद आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *