गोरखपुर में जलभराव में पैंट मोड़कर उरते मेयर, VIDEO:विजय चौक समेत कई इलाकों में दुकान और घर के अंदर घुसा पानी


गोरखपुर में रविवार को हुई लगातार बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। कुछ घंटों की तेज बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर पानी भर जाने से लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तस्वीरों में देखिए हालत… सबसे अधिक जलभराव विजय चौक रोड पर देखने को मिला, जहां सड़क पूरी तरह पानी से भर गई। इसके अलावा धर्मशाला चौराहा और रेलवे क्रॉसिंग के आसपास भी पानी जमा हो गया। सड़क पर कई जगह घुटनों तक पानी भरने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जलभराव की स्थिति का जायजा लेने के लिए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी पैंट मोड़कर खुद सड़क पर भरे पानी में उतरकर हालात का निरीक्षण किया। महापौर ने विजय चौक और आसपास के क्षेत्रों का पैदल भ्रमण कर जलभराव की स्थिति देखी और लोगों से भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को जल निकासी का कार्य तुरंत तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर पानी भरा है, वहां जल्द से जल्द निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नालों की सफाई में तेजी लाई जाए और जहां भी जल निकासी में किसी तरह की बाधा हो, उसे तत्काल हटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जलभराव की शिकायत मिलते ही संबंधित टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और समस्या का समाधान करे। इसके अलावा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पंपिंग मशीनें और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि बारिश का पानी जल्द से जल्द निकाला जा सके। नगर निगम की टीमों को लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *