![]()
मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र की हरिधाम कॉलोनी में रविवार सुबह करीब 11 बजे एक निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। सीओ रिफाइनरी प्रवीन तिवारी ने जांच के दौरान मृतक की पहचान कुलदीप पुत्र हुकम सिंह, निवासी हेतलपुर, थाना टप्पल, जनपद अलीगढ़ के रूप में की। थाना प्रभारी अजय कौशल ने बताया कि कुलदीप काफी समय से हरिधाम कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था और पास ही अपना मकान बनवा रहा था। पुलिस के अनुसार, रविवार को कुलदीप अपने निर्माणाधीन मकान में पहुंचा, जहां प्रथम दृष्टया उसने अवैध पिस्टल से स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य संकलित किए। सीओ रिफाइनरी प्रवीन तिवारी ने बताया कि घटनास्थल की जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। थाना प्रभारी अजय कौशल ने जानकारी दी कि कुलदीप के खिलाफ अलीगढ़, मथुरा, गौतमबुद्ध नगर सहित विभिन्न जनपदों में हत्या, लूट, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है, जिसकी जानकारी संबंधित जिलों से भी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। पुलिस ने अवैध पिस्टल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Source link
मथुरा में हिस्ट्रीशीटर कुलदीप ने खुद को गोली मारी:निर्माणाधीन मकान में मिला शव, 24 से अधिक मुकदमे दर्ज