मथुरा में रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक का शव मिला:शिनाख्त नहीं हो सकी, जांच में जुटी पुलिस


मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 11 बजे रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जानकारी के अनुसार, थाना कोसीकलां क्षेत्र में प्लेटफॉर्म नंबर-4 स्थित माल गोदाम रोड के पास दिल्ली–मथुरा रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह लोगों ने एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। सूचना मिलने पर जीआरपी और कोसीकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद या मानसिक तनाव के चलते युवक ने चलती ट्रेन के सामने आकर आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान कराने के लिए उसके फोटो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं। इसके अलावा, आसपास के जिलों और थानों में भी फोटो भेजकर जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *