![]()
मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र के नरहाड़ा गांव के जंगल में रविवार शाम गोकशी की सूचना मिली। ईख के खेत में छह पशुओं के अवशेष मिलने के बाद हिंदू संगठनों ने हंगामा किया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। रविवार शाम करीब चार बजे नरहाड़ा गांव के जंगल में ईख के खेत में पशुओं के अवशेष पड़े होने की जानकारी मिली थी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने डायल-112 पर पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घटनास्थल पर पहुंचे, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले और लोहियानगर थाना प्रभारी सुमित तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि गौकशों ने सुनियोजित तरीके से ईख के खेत में गोकशी की वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस दौरान महानगर संयोजक हिमांशु शर्मा, महानगर सह मंत्री बंटी बजरंगी, विशाल धानक, करण, सचित, अमन, नमन, पुनीत, सिंधु लोधी, आशीष, दिव्यांश, सागर, विशाल, ध्रुव और दीपक सहित बजरंग दल के कई कार्यकर्ता मौके पर मौजूद थे। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल से मिले अवशेषों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अवशेषों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेरठ के जंगल में 6 पशुओं के अवशेष मिले:गोकशी की आशंका पर हिंदू संगठनों का हंगामा, एसपी सिटी पहुंचे