![]()
भांवरकोल थाना क्षेत्र के गोंड़ी खास गांव में चार वर्षीय मासूम सिद्धार्थ की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी दादी कबूतरी देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद से परेशान होकर दादी ने ही पोते की हत्या की थी। आरोपी महिला को रविवार को मिर्जाबाद चट्टी के पास तेतरिया मोड़ से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। 6 जुलाई को खेलते समय लापता हुआ था मासूम जानकारी के अनुसार, गोंड़ी खास निवासी जामवंत कुशवाहा का चार वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ 6 जुलाई को घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने भांवरकोल थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। तीन दिन बाद खेत में मिला क्षत-विक्षत शव 9 जुलाई की सुबह सिद्धार्थ का क्षत-विक्षत शव घर से करीब 20 से 25 मीटर दूर चरी के खेत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर क्षेत्राधिकारी और पुलिस बल के पहुंचने के दौरान सिद्धार्थ की दादी कबूतरी देवी अचानक घर से निकलकर फरार हो गई। पुलिस को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ और बाद में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में दादी ने कबूल किया जुर्म भांवरकोल थाना प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा ने बताया कि पूछताछ के दौरान कबूतरी देवी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि उसका अपने बेटे और बहू से लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने बताया कि आभूषण के बदले 50 हजार रुपये न मिलने को लेकर उसका बेटे-बहू से विवाद था। उसने यह भी आरोप लगाया कि बहू समय पर खाना नहीं देती थी और उसे अपने पोते सिद्धार्थ को गोद में लेने या छूने तक नहीं देती थी। इन बातों से वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। मुंह दबाकर की हत्या, खेत में छिपाया शव पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 जुलाई को उसने सिद्धार्थ को एकांत में ले जाकर उसका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को चरी के खेत में ले जाकर घास-फूस से ढक दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। मायके भागने की कोशिश में हुई गिरफ्तारी पुलिस के अनुसार, कबूतरी देवी का मायका मनिया मिर्जाबाद में है। घटना के बाद वह वहीं भागने की कोशिश कर रही थी। रविवार पूर्वाह्न करीब 11:10 बजे पुलिस ने उसे मिर्जाबाद चट्टी से पश्चिम तेतरिया मोड़ के पास गिरफ्तार कर लिया। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और आरोपी के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
गाजीपुर में पोते की हत्यारोपी दादी गिरफ्तार:बहू-बेटे से विवाद के कारण वारदात को दिया अंजाम, , पूछताछ में जुर्म कबूला