बस्ती स्टेशन पर पकड़ी गई 47.52 लीटर शराब:बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी अंग्रेजी शराब, 2 गिरफ्तार


बस्ती में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने रविवार, 12 जुलाई 2026 को बस्ती रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई की। सुबह करीब 5:35 बजे बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही 47.52 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जब्त शराब की कीमत लगभग 34,320 रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत की गई। आरपीएफ पोस्ट बस्ती के प्रभारी निरीक्षक राशिद बैग मिर्जा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक कमलेश कुमार यादव, सहायक उपनिरीक्षक गुलाम वारिस सिद्दीकी, हेड कांस्टेबल राजकुमार और कांस्टेबल देवेंद्र कुमार सिंह की टीम जीआरपी बस्ती के कांस्टेबल कृष्णानंद सिंह के साथ स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-3 के पश्चिमी छोर से दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। उनकी तलाशी लेने पर गुलाबी रंग के पॉलिथीन बैग में रखे तीन गत्तों से ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की के कुल 264 टाट्रा पैक (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) बरामद हुए। शराब को छिपाने के लिए गत्तों के ऊपर नए लेडीज सूट रखे गए थे। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि बिहार में शराबबंदी के कारण वे ट्रेन से यह शराब बरौनी ले जाकर अधिक दाम पर बेचने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवदास (46) निवासी बरगदवा, थाना सोनहा, और राजू (33) निवासी कोठिली, थाना सोनहा, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद हुए। आरपीएफ ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों और बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बस्ती के सुपुर्द कर दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *