![]()
गोरखपुर के कैंट क्षेत्र में शास्त्री चौक पर विवादित पोस्टर लगवाने वाले सपा नेता अरविंद शुक्ला समेत 3 को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को मेडिकल कराकर दोपहर बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भिजवा दिया गया। सपा नेता ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी से जुड़े मामले पर सवाल करते हुए विवादित पोस्टर लगवाया था। हालांकि, एफआईआर में विवादित बैनर लगाए जाने का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी घनश्याम उपाध्याय की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। जिसमे सामाजिक उन्माद फैलाने, सड़क जाम करने और नारेबाजी करने का आरोप लगाया गया है। इन आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है। शुक्रवार की रात पोस्टर लगाया शुक्रवार रात करीब 10 बजे सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी और सपा नेता अरविंद शुक्ला अपने समर्थकों के साथ शास्त्री चौक पहुंचे थे। आरोप है कि वहां बिना अनुमति फ्लेक्स बैनर लगाया गया। सूचना पर कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी घनश्याम उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बैनर हटाने को लेकर पुलिस और सपा नेताओं के बीच कहासुनी भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बाद में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने बैनर हटवा दिया। देर रात कलेक्ट्रेट चौकी प्रभारी की तहरीर पर कैंट थाने में अरविंद शुक्ला, फ्लेक्स लगाने वाले रामगढ़ताल के रानीबाग निवासी भारत निषाद और फ्लेक्स तैयार करने वाले बड़गो निवासी रामचंद्र मौर्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसमे सड़क पर एकत्र होकर नारेबाजी करने, यातायात बाधित करने और सामाजिक उन्माद फैलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार दोपहर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने अपनी कार्रवाई का आधार सड़क जाम, नारेबाजी और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोपों को बनाया है। इसकी खूब चर्चा रही।
Source link
विवादित पोस्टर लगवाने वाले सपा नेता समेत 3 गिरफ्तार:गोरखपुर में बैनर पर लिखा- राम नाम जपना, चढ़ाया दान अपना